चंडीगढ़, 24 नवंबर 2026। पंजाब की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा उलटफेर हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने छह साल बाद एक बार फिर गठबंधन कर लिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को दिल्ली में इसकी औपचारिक घोषणा की। इस दौरान बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन और अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद रहे।
दोनों पार्टियां पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगी। अमित शाह ने साफ संकेत दिया कि गठबंधन में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका निभाएगा और अगर गठबंधन सत्ता में आता है तो मुख्यमंत्री अकाली दल से होगा। हालांकि, सीटों के बंटवारे का अंतिम फॉर्मूला अभी घोषित नहीं किया गया है।
अमित शाह ने किया ऐलान
अमित शाह ने इस गठबंधन का ऐलान करते हुए बताया कि अकाली दल आज लौटकर फिर एनडीए में आ रहा है। मैं सुखबीर बादल और अकाली दल का एनडीए में फिर से स्वागत करता हूं। जब पीएम को बताया गया कि एनडीए में एक और साथी आ रहा है तो वो काफी खुश हुए। उन्होंने खुद सुखबीर बादल को फोन कर बधाई दी। बीजेपी और अकाली दल का गहरा रिश्ता रहा है। यह गठबंधन हिंदू सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा। हमारा रिश्ता अटूट रहा है।
अमित शाह ने कहा- NDA का सबसे पुराना साथी वापस आया
अमित शाह ने गठबंधन की घोषणा करते हुए कहा कि NDA का सबसे पुराना सहयोगी शिरोमणि अकाली दल फिर गठबंधन में लौट आया है। उन्होंने इस राजनीतिक साझेदारी को हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बताया।
शाह के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अकाली दल की NDA में वापसी पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों का पुराना रिश्ता रहा है और अब वे पंजाब के विकास, शांति और समृद्धि के लिए मिलकर काम करेंगी।
शाह ने पंजाब में नशे की समस्या को खत्म करने का लक्ष्य भी सामने रखा। उन्होंने घोषणा की कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाने का रोडमैप तैयार किया गया है। इसके साथ ही किसानों, युवाओं, भ्रष्टाचार और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों को भी गठबंधन की प्राथमिकता बताया।
सुखबीर बादल ने गठबंधन को बताया भावनात्मक रिश्ता
अकाली दल प्रमुख सुखबीर सिंह बादल ने गठबंधन की घोषणा के बाद इसे केवल राजनीतिक समझौता नहीं, बल्कि भावनात्मक संबंध बताया। उन्होंने कहा कि उनके पिता प्रकाश सिंह बादल और अटल बिहारी वाजपेयी ने इस गठबंधन की नींव रखी थी।
सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब को मौजूदा परिस्थितियों से बाहर निकालने और राज्य को बचाने के लिए दोनों पार्टियां एक साथ आई हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में मौजूदा शासन के दौरान पंजाब की स्थिति बिगड़ी है।
बादल ने कहा कि बीजेपी और अकाली दल मिलकर पंजाब में शांति, भाईचारे और विकास को मजबूत करेंगे।
अकाली दल बनेगा गठबंधन का ‘बड़ा भाई’
गठबंधन की सबसे महत्वपूर्ण बात मुख्यमंत्री पद को लेकर अमित शाह का बयान रहा। जब उनसे पूछा गया कि गठबंधन में बड़े भाई की भूमिका किसकी होगी, तो उन्होंने कहा कि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा।
शाह ने संकेत दिया कि बड़े भाई को ही मुख्यमंत्री पद मिलेगा। यानी 2027 में बीजेपी और अकाली दल गठबंधन सत्ता में आता है तो मुख्यमंत्री अकाली दल का नेता बनने की संभावना है।
दोनों पार्टियां पंजाब की सभी 117 सीटों पर साथ चुनाव लड़ने की बात कह चुकी हैं, लेकिन कौन कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगा, इसकी घोषणा अभी बाकी है।
2020 में कृषि कानूनों को लेकर टूट गया था गठबंधन
बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन पंजाब की राजनीति में लंबे समय तक मजबूत साझेदारी रहा है। दोनों दलों ने मिलकर 2007 और 2012 में पंजाब में सरकार बनाई थी। लेकिन सितंबर 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल ने NDA से अलग होने का फैसला किया था।
कृषि कानूनों को लेकर पंजाब में किसानों का व्यापक आंदोलन चल रहा था। अकाली दल ने किसानों के मुद्दे पर बीजेपी से दूरी बना ली थी। बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए, लेकिन दोनों दलों के बीच राजनीतिक दूरी बनी रही।
2022 के विधानसभा चुनाव में दोनों पार्टियों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा। उस चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतकर सरकार बनाई। अकाली दल को तीन सीटें और बीजेपी को दो सीटें मिली थीं।
2027 चुनाव में AAP और कांग्रेस को चुनौती
बीजेपी और अकाली दल के दोबारा साथ आने से पंजाब का चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है। दोनों पार्टियों के पास अलग-अलग क्षेत्रों में संगठनात्मक आधार और समर्थक वर्ग हैं।
अकाली दल की ग्रामीण और सिख मतदाताओं के बीच राजनीतिक मौजूदगी रही है, जबकि बीजेपी शहरी क्षेत्रों में अपना आधार मजबूत करने की कोशिश करती रही है। गठबंधन के जरिए दोनों पार्टियां अपने वोट बैंक को एकजुट करने और आम आदमी पार्टी तथा कांग्रेस को चुनौती देने की रणनीति बना रही हैं।
हालांकि, गठबंधन की सफलता सीटों के बंटवारे, साझा चुनावी एजेंडे और दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल पर निर्भर करेगी।
पंजाब की राजनीति में फिर बदलेगा समीकरण?
छह साल बाद बीजेपी और अकाली दल की वापसी पंजाब की राजनीति में नए समीकरण बना सकती है। 2027 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी सत्ता बचाने, कांग्रेस वापसी करने और बीजेपी-अकाली दल गठबंधन सत्ता हासिल करने की कोशिश करेगा।
अब सबकी नजर सीटों के बंटवारे, मुख्यमंत्री चेहरे और गठबंधन के आगामी चुनावी रोडमैप पर है। दोनों दलों ने साथ आने का ऐलान कर दिया है, लेकिन पंजाब की जनता इस नए राजनीतिक गठबंधन को कितना समर्थन देती है, इसका फैसला चुनाव में होगा।