चंडीगढ़, 18 नवंबर,2026। पंजाब की राजनीति में एक बार फिर कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह 16 नवंबर को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के विमोचन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान वह कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ पहली पंक्ति में बैठे नजर आए। उनकी इस मौजूदगी के बाद राजनीतिक गलियारों में कांग्रेस में उनकी संभावित वापसी को लेकर अटकलें शुरू हो गईं।
हालांकि, कांग्रेस सांसद और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने इन अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की है। चन्नी का दावा है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह अब कांग्रेस में वापस नहीं आएंगे। उन्होंने इसकी वजह कैप्टन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कई मामलों को बताया है।
चरणजीत सिंह चन्नी का दावा
चरणजीत सिंह चन्नी ने दावा कि कैप्टन पर ईडी के मामलों का दबाव है। इसलिए उनकी कांग्रेस में वापसी संभव नहीं है। कैप्टन अमरिंदर सिंह के पुस्तक विमोचन समारोह में कांग्रेसी नेताओं की मौजूदगी और उनकी पार्टी में वापसी की चर्चाओं पर चन्नी ने कहा कि पुरानी सांझ के कारण लगाव होना स्वाभाविक है। कैप्टन के गांधी परिवार के साथ अच्छे संबंध रहे हैं, इसी वजह से वो इस समारोह में पहुंचे थे। बता दें कि अमरिंदर सिंह ने पांच साल पहले कांग्रेस छोड़ दी थी। उन्हें पंजाब के मुख्यमंत्री के पद से हटाया गया था। उनकी जगह चरणजीत सिंह चन्नी को पंजाब का सीएम बनाया गया था।
सोनिया गांधी की किताब के कार्यक्रम से शुरू हुई वापसी की चर्चा
16 नवंबर को दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ का विमोचन कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इसमें कैप्टन अमरिंदर सिंह भी शामिल हुए। वह कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं के साथ पहली पंक्ति में बैठे दिखाई दिए।
इस तस्वीर और कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी को लेकर पंजाब की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गईं। दरअसल, कैप्टन लंबे समय तक कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं। गांधी परिवार के साथ उनके पुराने व्यक्तिगत संबंध भी रहे हैं। ऐसे में उनकी मौजूदगी को राजनीतिक नजरिए से देखा जाने लगा।
कैप्टन ने खुद भी कांग्रेस में लौटने से किया इनकार
कांग्रेस में वापसी की अटकलों पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी। उनसे जब इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने साफ तौर पर ‘नहीं’ कहा। उन्होंने कार्यक्रम में अपनी मौजूदगी को सामाजिक और पुराने पारिवारिक संबंधों से जोड़ते हुए कहा कि यह एक सामाजिक कार्यक्रम था, इसमें राजनीति कहां से आ गई?
कैप्टन ने यह भी याद दिलाया कि जब उन्होंने अपनी किताबें लॉन्च की थीं, तब सोनिया गांधी भी उनके तीन पुस्तक विमोचन कार्यक्रमों में शामिल हुई थीं। उनके इस बयान से भी फिलहाल कांग्रेस में वापसी की संभावना कमजोर नजर आती है।
2021 में कांग्रेस छोड़कर बनाई थी अपनी पार्टी
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नवंबर 2021 में कांग्रेस छोड़ दी थी। उस समय पंजाब में मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी के भीतर विवाद गहरा गया था। उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाए जाने के बाद कांग्रेस नेतृत्व के साथ उनकी दूरी बढ़ गई थी।
इसके बाद उन्होंने अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस बनाई। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। बाद में सितंबर 2022 में उन्होंने अपनी पार्टी का बीजेपी में विलय कर दिया और खुद भी भाजपा में शामिल हो गए।
2027 पंजाब चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल
पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राज्य के पुराने और प्रभावशाली नेताओं को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज होना स्वाभाविक है। कैप्टन अमरिंदर सिंह की सोनिया गांधी के कार्यक्रम में मौजूदगी ने इन चर्चाओं को और हवा दी।
हालांकि, कैप्टन ने कांग्रेस में लौटने से इनकार किया है और चरणजीत चन्नी ने भी ईडी मामलों का हवाला देते हुए उनकी वापसी को मुश्किल बताया है। फिलहाल यह मामला राजनीतिक बयानबाजी और अटकलों तक सीमित है। आने वाले समय में कैप्टन अमरिंदर सिंह की राजनीतिक भूमिका पंजाब की चुनावी राजनीति में कितनी अहम होगी, इस पर सभी की नजर रहेगी।