यूपी चुनाव 2027: चंद्रशेखर आजाद की तीसरी सूची जारी, 34 सीटों पर प्रभारी घोषित

आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज करते हुए 34 सीटों के लिए नए प्रभारियों के नाम घोषित किए। सूची में दलित, मुस्लिम और पिछड़े वर्ग के नेताओं को जगह मिली है।

0

लखनऊ, उत्तर प्रदेश,  16 नवंबर 2026 | उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने विधानसभा प्रभारियों की तीसरी सूची जारी की है। इस सूची में प्रदेश की 34 विधानसभा सीटों के लिए नए प्रभारियों के नाम घोषित किए गए हैं।

जारी सूची में 17 अनुसूचित जाति, 9 मुस्लिम और 8 अन्य पिछड़ा वर्ग के नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें मुजफ्फरनगर की पुरकाजी सीट से विनय रतन सिंह, गाजियाबाद से पुष्पेंद्र जाटव, आगरा साउथ से जावेद कुरैशी और कन्नौज से सुनील दिवाकर शामिल हैं।

पार्टी की यह सूची ऐसे समय आई है, जब आजाद समाज पार्टी और असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान किया है। दोनों दलों ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चे के तहत चुनाव लड़ने की घोषणा की है।

हालांकि, गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। विधानसभा प्रभारियों की नियुक्ति को चुनाव से पहले संगठन मजबूत करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

अब देखना होगा कि चंद्रशेखर आजाद की यह रणनीति 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को कितना राजनीतिक लाभ पहुंचाती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.