केदारनाथ-यमुनोत्री धाम के कपाट बंद, 64 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

भाई दूज के अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ बाबा केदारनाथ और मां यमुना के धाम के कपाट बंद किए गए। अब छह महीने तक ऊखीमठ और खरसाली में श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।

0

रुद्रप्रयाग \उत्तरकाशी, उत्तराखंड, 11 नवंबर 2026|  उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव का समापन हो गया है। बुधवार, 11 नवंबर 2026 को भाई दूज के पावन अवसर पर केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। दोनों मंदिरों में वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कपाट बंद करने की प्रक्रिया पूरी हुई।

रुद्रप्रयाग जिले में स्थित केदारनाथ धाम के कपाट सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर बंद किए गए। इसके बाद बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुई। अब सर्दियों के दौरान श्रद्धालु ऊखीमठ में बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे।

वहीं, उत्तरकाशी जिले के यमुनोत्री धाम के कपाट सुबह 10 बजकर 28 मिनट पर बंद हुए। इसके बाद मां यमुना की उत्सव डोली उनके शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली के लिए रवाना हुई। सर्दियों में श्रद्धालु खरसाली स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर सकेंगे।

आकाशवाणी की रिपोर्ट के अनुसार, इस वर्ष चारधाम यात्रा में 64 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इससे पहले 10 नवंबर को गंगोत्री धाम के कपाट भी बंद हो चुके हैं। अब 16 नवंबर को बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ यात्रा का शीतकालीन चरण पूरा होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.