तमिलनाडु , 10 नवंबर 2026 | तमिलनाडु के होसुर में टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की आईफोन कंपोनेंट बनाने वाली फैक्ट्री में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां वेस्टवॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के टैंक में सफाई और मेंटेनेंस का काम करते समय तीन कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की मौत हो गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कर्मचारियों की जान जहरीली गैस की चपेट में आने से गई। घटना के बाद औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह हादसा सोमवार, 9 नवंबर 2026 की शाम को हुआ। जिला प्रशासन, पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स और एप्पल की ओर से भी घटना की जांच किए जाने की खबर है।
अमेरिकी टेक दिग्गज कंपनी एपल, टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड की तमिलनाडु फैक्ट्री में हुई उस घटना की जांच करेगी जहां तीन कर्मचारियों की मौत हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी की आईफोन कंपोनेंट फैक्ट्री में सोमवार शाम पानी की टंकी की सफाई के दौरान दम घुटने (एस्फिक्सियेशन) से इन तीन कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों की जान चले गई।
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के मुताबिक, टाटा के इस आईफोन पार्ट्स प्लांट में प्रोडक्शन पर कोई असर नहीं पड़ा है, क्योंकि यह हादसा त्योहार की छुट्टियों के दौरान फैक्ट्री बंद रहने के समय हुआ।
टैंक की जांच करने उतरे कर्मचारी, एक के बाद एक तीन की मौत
यह घटना तमिलनाडु के कृष्णागिरी जिले में होसुर के पास उड्डनापल्ली क्षेत्र स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की फैक्ट्री में हुई। जानकारी के मुताबिक, चार कर्मचारियों की एक टीम एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ETP) के नैनो-फिल्ट्रेशन टैंक में मेंटेनेंस और सफाई का काम कर रही थी।
बताया गया है कि सबसे पहले एक कर्मचारी टैंक के अंदर देखने की कोशिश करते समय गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गया और अंदर गिर पड़ा। उसे बचाने के लिए दूसरा कर्मचारी आगे बढ़ा, लेकिन वह भी जहरीली गैस से प्रभावित होकर गिर गया। इसके बाद तीसरे कर्मचारी ने दोनों को बचाने की कोशिश की और वह भी इसकी चपेट में आ गया।
टीम में मौजूद चौथे कर्मचारी ने मदद के लिए आवाज लगाई। इसके बाद तीनों को टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जहरीली गैस से दम घुटने की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों की मौत दम घुटने यानी एस्फिक्सिया के कारण होने की आशंका है। जिला प्रशासन ने बताया कि टैंक में मौजूद गैस की वजह से यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
कृष्णागिरी जिला प्रशासन और पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है। औद्योगिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य निदेशालय की टीम भी मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि टैंक में किस तरह की गैस मौजूद थी और कर्मचारियों को वहां काम करने से पहले जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे या नहीं।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। कृष्णागिरी के जिला कलेक्टर सी. दिनेश कुमार के अनुसार, ट्रीटमेंट प्लांट में काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं होने की बात सामने आई है। प्रशासन इस पहलू की भी जांच कर रहा है।
औद्योगिक टैंकों और सीमित जगहों में सफाई या मरम्मत का काम करते समय जहरीली गैस जमा होने का खतरा रहता है। ऐसे काम के लिए गैस की जांच, पर्याप्त वेंटिलेशन, विशेष सुरक्षा उपकरण और प्रशिक्षित कर्मचारियों की मौजूदगी जरूरी होती है। जांच में यह देखा जाएगा कि हादसे के समय इन मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
नाल्को वाटर से जुड़ी थी टैंक की देखरेख
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फैक्ट्री के एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट का संचालन नाल्को वाटर कर रही थी, जो अमेरिकी कंपनी इकोलैब का हिस्सा है। टैंक के रखरखाव का काम एक अन्य कंपनी के जरिए कराया जा रहा था और मृतक कर्मचारी कॉन्ट्रैक्ट पर काम करते थे।
अब जांच में यह भी देखा जाएगा कि काम की जिम्मेदारी किन कंपनियों के पास थी, सुरक्षा नियमों का पालन किसकी निगरानी में होना था और कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण तथा सुरक्षा उपकरण दिए गए थे या नहीं।
तमिलनाडु सरकार ने दिए जांच के आदेश
तमिलनाडु की उद्योग मंत्री विरुधई मगन कीर्थना ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि तीन कर्मचारियों की मौत बेहद दुखद है। मंत्री के मुताबिक, जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों की मदद करने और मामले की गंभीरता से जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हादसे की परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
दिवाली की छुट्टी के दौरान हुआ हादसा, उत्पादन पर असर नहीं
रिपोर्ट्स के अनुसार, दिवाली की छुट्टी के कारण फैक्ट्री में उत्पादन बंद था। इसलिए इस हादसे से आईफोन कंपोनेंट के उत्पादन पर तत्काल असर पड़ने की जानकारी सामने नहीं आई है।
होसुर स्थित टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स का यह संयंत्र एप्पल के आईफोन के लिए बैक पैनल और अन्य महत्वपूर्ण कंपोनेंट तैयार करता है। इसी परिसर में टाटा का एक अलग संयंत्र आईफोन असेंबलिंग का काम भी करता है।
पहले भी आग और प्रदूषण को लेकर चर्चा में रहा है संयंत्र
टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स का होसुर संयंत्र पहले भी सुरक्षा और पर्यावरण से जुड़े मामलों को लेकर चर्चा में रहा है। सितंबर 2024 में यहां केमिकल स्टोरेज क्षेत्र में आग लगने से उत्पादन प्रभावित हुआ था। वहीं, 2026 में आसपास के खेतों के कुओं में दूषित पानी पहुंचने की शिकायतों के बाद प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने भी हस्तक्षेप किया था। टाटा ने बाद में कहा था कि उसने नियामक की चिंताओं का समाधान कर दिया है।
अब तीन कर्मचारियों की मौत ने एक बार फिर इस औद्योगिक परिसर में सुरक्षा प्रोटोकॉल और कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों के कामकाजी हालात पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है।