दिवाली पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा, 1.89 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को मिलेगी LPG सब्सिडी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 नवंबर को लखनऊ में 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी राशि DBT के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजेंगे।

0

लखनऊ, उत्तर प्रदेश, 3 नवंबर 2026| दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत देने की तैयारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों के लिए 1,500 करोड़ रुपये से अधिक की रसोई गैस सब्सिडी जारी करेंगे।

यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के आधार प्रमाणित बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसका उद्देश्य पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल कराने में आर्थिक राहत देना है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्त वर्ष 2026-27 में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को होली और दीपावली पर एक-एक मुफ्त सिलेंडर रिफिल का लाभ देने का निर्णय लिया है। दीपावली के लिए पहला चरण अक्टूबर से दिसंबर 2026 तक निर्धारित है, जबकि दूसरा चरण जनवरी से मार्च 2027 तक चलेगा।

इसका लाभ उन्हीं पात्र उपभोक्ताओं को मिलेगा जिनका बैंक खाता आधार से जुड़ा है और आधार प्रमाणीकरण पूरा है। सरकार ने इस योजना के लिए पूरे वित्त वर्ष में 2,142.78 करोड़ रुपये खर्च करने की मंजूरी दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.