उत्तर पश्चिम रेलवे में 15 दिसंबर को लगेगी पेंशन अदालत, 15 नवंबर तक करें आवेदन
जयपुर स्थित रेलवे प्रधान कार्यालय में पेंशन और परिवार पेंशन से जुड़ी शिकायतों का होगा निस्तारण, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और आश्रितों को मिलेगा मौका।
उत्तर पश्चिम रेलवे,जयपुर,02 नवंबर 2026| उत्तर पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय से सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की पेंशन एवं रेलकर्मियों के आश्रित परिवार पेंशनरों की पेंशन से संबंधित शिकायतों के निस्तारण हेतु वर्ष 2026 की पेंशन अदालत का आयोजन 15 दिसम्बर 2026 को 11ः00 बजे उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय के प्रथम तल स्थित सभा कक्ष में किया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार, प्रधान कार्यालय से सेवानिवृत्त हुए कर्मचारी एवं अधिकारी तथा दिवंगत रेलकर्मियों के आश्रित परिवारजन, जिन्हें पेंशन अथवा परिवार पेंशन से संबंधित किसी प्रकार की शिकायत है, वे निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन दिनांक 15 नवम्बर 2026 तक प्रधान कार्यालय, जयपुर में डाक द्वारा अथवा व्यक्तिगत रूप से जमा करवा सकते हैं। पेंशनर एवं परिवार पेंशनर अपनी शिकायतों के निस्तारण हेतु निर्धारित तिथि को आवेदन पत्र के साथ व्यक्तिगत रूप से भी उपस्थित हो सकते हैं।
पेंशन अदालत हेतु आवेदन में निम्नलिखित विवरण देना आवश्यक हैः-
1. पेंशनर/परिवार पेंशनर का नाम।
2. सेवानिवृत्ति की तिथि।
3. कर्मचारी/पेंशनर की मृत्यु की तिथि (यदि लागू हो)।
4. घर का पूरा पता।
5. मोबाइल नम्बर।
6. ई-मेल आईडी (यदि उपलब्ध हो)।
7. शिकायत का विस्तृत विवरण।
8. पेंशन/परिवार पेंशन प्राप्त नहीं होने का कारण (यदि ज्ञात हो)।
उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा संबंधित पेंशनरों एवं परिवार पेंशनरों से अपील की गई है कि वे अपनी शिकायतें निर्धारित प्रारूप में निर्धारित अंतिम तिथि तक प्रस्तुत करें, ताकि पेंशन अदालत के दौरान उनकी समस्याओं का उचित निराकरण किया जा सके।