महादेव बेटिंग ऐप केस में बड़ी कार्रवाई, सौरभ चंद्राकर भारत लाए गए

महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, ओमान से प्रत्यर्पण के बाद सौरभ चंद्राकर भारत पहुंचे; रायपुर की विशेष अदालत में आज पेशी।

0

नई दिल्ली ,2 नवंबर 2026| महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को बड़ी सफलता मिली है। ऐप के प्रमुख प्रमोटर और मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत वापस लाया गया है। सीबीआई की एक विशेष टीम उसे मस्कट से भारत लेकर पहुंची।

सीबीआई के मुताबिक, चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था। इसी आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था। इसके बाद भारतीय जांच एजेंसियों ने ओमान के अधिकारियों के साथ समन्वय कर प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की।

सौरभ चंद्राकर दो सीबीआई मामलों में वांछित है, जिनमें आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं। इसके अलावा, प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी उसके खिलाफ कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच कर रहा है।

जांच एजेंसियों का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बुक के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों पर अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क चलाया जा रहा था। इस नेटवर्क से जुड़ी रकम को कथित तौर पर फर्जी बैंक खातों और हवाला के माध्यम से विदेश भेजा जाता था।

भारत पहुंचने के बाद चंद्राकर का मेडिकल परीक्षण और ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी की जानी है। इसके बाद उसे 2 नवंबर को रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाना है। अब इस मामले में अदालत की सुनवाई और आगे की जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.