यूपीसिडको के मा0 अध्यक्ष वाई.पी. सिंह ने गौतमबुद्धनगर में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधा से जुड़ी निर्माणाधीन 02 परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण

निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के दिए निर्देश

0

गौतमबुद्धनगर, 30 अक्टूबर 2026| उत्तर प्रदेश स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के मा0 अध्यक्ष श्री वाई.पी. सिंह ने जनपद गौतमबुद्धनगर में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी 02 निर्माण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

श्री सिंह ने तहसील जेवर के ग्राम दयोरार में निर्माणाधीन नवीन जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इसके अतिरिक्त श्री सिंह ने सीएचसी भंगेल में निर्माणाधीन 50 शैय्या एमसीएच विंग तथा एक नग मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर (ओटी) की स्थापना से संबंधित निर्माण कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी इस महत्वपूर्ण परियोजना को गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पूरा कराया जाए।
श्री सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नही होगी, इसलिए कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

मा0 अध्यक्ष श्री वाई.पी. सिंह ने मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार श्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ आधारभूत संरचना के विकास को नई गति मिली है। प्रदेश में जनसामान्य को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य किसी भी प्रदेश के विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं।

मा0 अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि गौतमबुद्धनगर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, जेवर, जनपद ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के आर्थिक एवं औद्योगिक विकास को नई दिशा देने की क्षमता रखता है। एयरपोर्ट के विकास से क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होने, निवेश की संभावनाएं बढ़ने, रोजगार के नए अवसर सृजित होने तथा व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन, नियमित निगरानी और समय-सीमा का अनुपालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुरूप समय से पूर्ण कराया जाए, ताकि इनका लाभ आमजन तक शीघ्र पहुंच सके।
इस अवसर पर भाजपा से नोएडा महानगर के महामंत्री अमित त्यागी सहित यूपीसिडको, शिक्षा व स्वास्थ्य विभाग के सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.