बिहार MLC चुनाव से पहले प्रशांत किशोर का नीरज कुमार पर तीखा हमला

बोले- ज्यादा बोलेंगे तो खोल दूंगा सारा कच्चा-चिट्ठा

0

पटना, 13 अक्टूबर 2026 । बिहार में विधान परिषद चुनाव से पहले जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेता नीरज कुमार के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। प्रशांत किशोर ने नीरज कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कुछ ही दिनों में बेरोजगार होने वाले हैं। उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर नीरज कुमार ने उनके खिलाफ आगे बयानबाजी की, तो वह जनता के सामने उनके कथित राजनीतिक कामकाज और जेडीयू नेताओं से जुड़ी जानकारी का खुलासा कर देंगे। यह बयान ऐसे समय आया है, जब बिहार की आठ विधान परिषद सीटों पर चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं।

नीरज कुमार अब होने वाले हैं बेरोजगार

प्रशांत किशोर ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यदि उन्हें बुखार चढ़ता है, तो वो पैरासीटामॉल खा लेंगे। नीरज कुमार डॉक्टर नहीं हैं। नीरज कुमार अब कुछ दिन के बाद बेरोजगार होने वाले हैं। वो डॉक्टर तो बन नहीं सकते हैं। और इससे ज्यादा अगर बोलेंगे तो उनका वो भी सब राज खोला जाएगा कि उन्होंने पार्टी के खिलाफ क्या-क्या काम किए हैं।

नीरज कुमार की तरह बेरोजगार नहीं हूं-प्रशांत किशोर

प्रशांत किशोर ने नीरज कुमार को सलाह दी कि वो एमएलसी चुनाव पर ध्यान दें। इससे ज्यादा कुछ बोलने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि नीरज कुमार का उतना वैल्यू नहीं है, जितना मीडियाकर्मी सवाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी 40 कंपनी है, वो नीरज कुमार की तरह बेरोजगार नहीं है।

पटना स्नातक सीट पर क्यों बढ़ा सियासी तनाव?

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनाव होने हैं। इनमें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की चार और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की चार सीटें शामिल हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र पर खास नजर है, जहां जेडीयू ने नीरज कुमार को उम्मीदवार बनाया है। जन सुराज ने भी इस चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारे हैं।

इस चुनाव में प्रशांत किशोर की सक्रियता और नीरज कुमार के साथ उनकी बयानबाजी ने मुकाबले को चर्चा में ला दिया है। जन सुराज की ओर से रोजगार और शिक्षित मतदाताओं से जुड़े मुद्दे भी उठाए जा रहे हैं। वहीं, नीरज कुमार ने अपनी उम्मीदवारी को लेकर भरोसा जताया है।

चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर

चुनावी माहौल में प्रशांत किशोर और नीरज कुमार के बीच विवाद अब केवल उम्मीदवारों और चुनावी रणनीति तक सीमित नहीं दिख रहा, बल्कि व्यक्तिगत आरोपों और जवाबी बयानों तक पहुंच गया है। प्रशांत किशोर ने कथित दस्तावेजों और जानकारी को सार्वजनिक करने की बात कही है, जबकि नीरज कुमार ने अपने बारे में किसी भी बात को छिपा हुआ मानने से इनकार किया है।

अब देखना होगा कि प्रशांत किशोर अपने दावों के समर्थन में कोई जानकारी सार्वजनिक करते हैं या नहीं। फिलहाल, दोनों नेताओं के बयान बिहार के MLC चुनाव से पहले राजनीतिक चर्चा का हिस्सा बने हुए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.