नई दिल्ली, 05 सितंबर2026 । BRICS शिखर सम्मेलन 2026 को लेकर नई दिल्ली में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले सम्मेलन से पहले नई दिल्ली को सजाने, संवारने और साफ-सुथरा बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने प्रमुख सड़कों, VIP रूट, बाजारों और होटल क्षेत्रों में काम तेज कर दिया है।
रोशनी से जगमग होंगे नई दिल्ली क्षेत्र गोलचक्कर
पटेल चौक, विंडसर प्लेस, मंडी हाउस, तीन मूर्ति, क्यू-पॉइंट, शांतिपथ के प्रमुख चौराहों, अशोका होटल, सम्राट होटल, मान सिंह और पीएम गोलचक्कर सहित 17 प्रमुख गोलचक्करों पर सजावटी रोशनी लगाई जाएगी। 11 प्रमुख होटल परिसरों और आसपास के पेड़ों को भी सजाया जाएगा। एनडीएमसी की 10 प्रमुख इमारतों और स्थलों पर भी सजावटी लाइटिंग होगी। विदेश मंत्रालय के डिजाइन के मुताबिक, एनडीएमसी क्षेत्र में 309 ब्रैडिंग साइट्स तैयार की गई हैं। इनमें 154 डिजिटल मीडिया स्क्रीन, S3 सीटीयू और पीटीयू फ्लेक्स साइट्स और 72 बस क्यू शेल्टर शामिल हैं।
17 गोलचक्करों पर सजावटी रोशनी
समिट के मद्देनजर नई दिल्ली के 17 प्रमुख गोलचक्करों को विशेष सजावटी रोशनी से रोशन किया जाएगा। इसके साथ ही 11 होटल परिसरों और 10 NDMC भवनों में भी इल्यूमिनेशन की व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक रोशनी से जुड़ा काम 9 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
41 प्रमुख सड़कों पर खास तैयारी
NDMC ने समिट से जुड़े 41 प्रमुख मार्गों पर सफाई, सौंदर्यीकरण और रखरखाव का काम तेज किया है। विदेशी प्रतिनिधियों के आवागमन वाले रास्तों को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। सड़कों पर स्ट्रीट लाइट की जांच के साथ खराब लाइटों को बदलने का काम भी किया जा रहा है।
फूलों और फव्वारों से बढ़ेगी खूबसूरती
राजधानी के प्रमुख स्थानों पर फूलों की सजावट और फव्वारों को भी आकर्षक रूप दिया जा रहा है। तैयारियों में फ्लोरल बोर्ड, फूलों के फव्वारे और बड़ी संख्या में गमले लगाने की योजना शामिल है। इसका उद्देश्य विदेशी मेहमानों के सामने नई दिल्ली की बेहतर और आकर्षक तस्वीर पेश करना है।
डिजिटल स्क्रीन पर दिखेगा BRICS
सौंदर्यीकरण के साथ-साथ राजधानी में BRICS थीम आधारित ब्रांडिंग भी की जा रही है। इसके लिए 309 स्थान चिन्हित किए गए हैं, जिनमें 154 डिजिटल मीडिया स्क्रीन, 83 फ्लेक्स साइट और 72 बस क्यू शेल्टर शामिल हैं। सड़क किनारे लगे कई विद्युत पैनल बॉक्स को भी BRICS थीम के अनुरूप नया रूप दिया जा रहा है।
साफ-सफाई और प्रदूषण नियंत्रण पर जोर
समिट के दौरान राजधानी को साफ रखने के लिए सफाई व्यवस्था को मजबूत किया गया है। धूल और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए पांच प्रमुख स्थानों पर मिस्ट स्प्रे की व्यवस्था की गई है। बारिश और जलभराव से निपटने के लिए अतिरिक्त ड्रेनेज पंप भी तैयार रखे जा रहे हैं।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था भी अहम
BRICS समिट को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन की तैयारियां भी तेज हैं। VIP रूट को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्जन और यातायात नियंत्रण की तैयारी की है। समिट के दौरान यात्रियों को संभावित ट्रैफिक बदलावों की जानकारी पहले से दी जाएगी।
9 सितंबर तक पूरा होगा प्रमुख काम
समिट शुरू होने से पहले राजधानी को अंतिम रूप देने के लिए समयबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है। खास तौर पर सजावटी रोशनी से जुड़े कार्य 9 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद नई दिल्ली के प्रमुख इलाकों में BRICS समिट की थीम के अनुरूप सजावट और रोशनी पूरी तरह नजर आने लगेगी।