नई दिल्ली, 31 अगस्त 2026 । कम बजट में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन करते हुए शानदार कमाई की है। करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने रिलीज के 24वें दिन तक भारत में लगभग 40.13 करोड़ रुपये की नेट कमाई कर ली थी, जबकि ग्रॉस कलेक्शन करीब 47.33 करोड़ रुपये बताया गया। इसके बाद फिल्म 42 करोड़ रुपये के आंकड़े को भी पार कर गई।
हैरानी की बात है कि जहां टॉक्सिक जैसी 500-1000 करोड़ में बनी फिल्मों के सिनेमाघर खाली पड़े हैं, वहां महज 2 करोड़ में बनी हनुमान अंश हाउसफुल कैसे हुई।
इस फिल्म के हीरो का न तो इससे पहले किसी ने नाम सुना और न ही डायरेक्टर का। फिल्म का न तो भव्य प्रमोशन किया गया और न ही इसके फर्स्ट लुक, टीजर और ट्रेलर की कोई खबर थी। इन्हें फिल्म के ही सोशल मीडिया हैंडल से पोस्ट किया गया।
नीम करोली बाबा पर बनी ये फिल्म शुरुआती 2 हफ्तों तक कोई कमाई नहीं कर सकी, लेकिन चौथे हफ्ते कुछ ऐसा हुआ कि टॉक्सिक जैसी बड़ी फिल्म से क्लैश के बावजूद इसने 800 प्रतिशत मुनाफा कमाते हुए 42 करोड़ का कलेक्शन कर लिया।
फिल्म की शुरुआत बेहद धीमी रही थी और पहले दो हफ्तों में इसकी कमाई करीब 1.5 करोड़ रुपये ही रही। लेकिन तीसरे हफ्ते में दर्शकों की प्रतिक्रिया और सोशल मीडिया पर बढ़ती चर्चा के बाद फिल्म के कलेक्शन में जबरदस्त उछाल आया। तीसरे हफ्ते में ही फिल्म ने करीब 10.40 करोड़ रुपये की कमाई की।
‘हनुमान अंश’ आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरित फिल्म है। फिल्म में शोभिनव सत्या मुख्य भूमिका में हैं। इसकी सफलता ने साबित किया कि बड़े बजट और सुपरस्टार के बिना भी मजबूत कंटेंट और दर्शकों के सकारात्मक वर्ड ऑफ माउथ के दम पर कोई फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ा कमाल कर सकती है।