देहरादून, 31 अगस्त 2026 । कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड के हल्द्वानी में SC-ST एक्ट समेत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। यह मामला कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी रैली के बाद सामने आए कथित ‘शुद्धिकरण’ विवाद से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने इस घटना को जातिगत भेदभाव से जोड़कर अनुसूचित जाति समुदाय की भावनाओं को आहत किया।
रविवार रात कोतवाली पुलिस स्टेशन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एससी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले अमित कुमार ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने दिल्ली में एक प्रेस वार्ता के दौरान 11 अगस्त को रामलीला मैदान में किए गए सामान्य सफाई काम को जातिगत रंग दिया और इस काम को छुआछूत का काम और अपराध बताया।
एएसपी अमित सैनी करेंगे जांच
नैनीताल के एसएसपी टीसी मंजूनाथ ने बताया कि अमित ने अपने आरोपों को साबित करने के लिए सभी जरूरी सबूत सौंपे जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई है। एएसपी अमित सैनी इस जांच का नेतृत्व करेंगे।
शिकायत हल्द्वानी निवासी अमित कुमार की ओर से दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने खुद को वाल्मीकि समाज का सदस्य बताते हुए कहा कि 11 अगस्त को रामलीला मैदान में हुए सफाई और धार्मिक अनुष्ठान का संबंध किसी एक जाति विशेष से नहीं था। आरोप है कि राहुल गांधी ने 29 अगस्त को नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस घटना को कथित तौर पर जातिगत रूप दिया।
मामला इसलिए भी राजनीतिक रूप से अहम हो गया है क्योंकि राहुल गांधी ने FIR दर्ज होने से पहले खुद इस ‘शुद्धिकरण’ मामले में कार्रवाई की मांग की थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कथित घटना के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ SC-ST एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराने की मांग की थी। अब उनके खिलाफ ही केस दर्ज होने के बाद उत्तराखंड कांग्रेस ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
वहीं, ‘शुद्धिकरण’ विवाद की शुरुआत 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की सभा के बाद हुई कथित धार्मिक रस्म से हुई थी। कांग्रेस इसे दलित अपमान से जोड़ रही है, जबकि BJP और आयोजन से जुड़े लोगों का कहना है कि कार्यक्रम सफाई और धार्मिक अनुष्ठान से संबंधित था। अब राहुल गांधी के खिलाफ FIR के बाद यह मुद्दा उत्तराखंड की राजनीति में और गरमाने की संभावना है।