नई दिल्ली, टी20 वर्ल्ड कप जिताने के बाद कप्तानी से हटाए गए सूर्यकुमार यादव ने पहली बार इस फैसले पर खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने स्वीकार किया कि चयनकर्ताओं के फैसले से वह निराश हुए थे और उनके मन में लगातार यही सवाल चल रहा था कि जब टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही थी, तो कप्तानी में बदलाव की जरूरत क्यों पड़ी।
पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के यूट्यूब चैनल पर सूर्यकुमार ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि वे 2028 लॉस एंजिल्स ओलिंपिक और अगले टी-20 वर्ल्ड कप तक टीम की कप्तानी करेंगे।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद सिलेक्शन कमेटी ने उन्हें कप्तानी से हटा दिया और श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया। यहां तक आयरलैंड और इंग्लैंड की टीम में भी उन्हें शामिल नहीं किया गया। सिलेक्टर्स ने उनके खराब फॉर्म को इसकी वजह बताया।
सूर्या बोले- खुद को सिलेक्टर्स की जगह रखकर सोचा
सूर्यकुमार ने बताया कि टीम से बाहर किए जाने पर खुद को सिलेक्टर्स की जगह रखकर सोचा। समझने की कोशिश की कि वे उनसे आगे बढ़कर भविष्य के लिए नई टीम क्यों बनाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा- ‘जब मेरा नाम टीम में नहीं था, तब मैं मुस्कुराया। मैच के दौरान जब भी दबाव की स्थिति आई, मैंने खुद को शांत रखने की कोशिश की। मैंने सोचा नहीं था कि ऐसा होगा।’ सूर्या ने खुद को मिले मौकों के लिए शुक्रिया भी कहा।
सूर्यकुमार ने बताया कि टीम की घोषणा से करीब 2-3 दिन पहले चयनकर्ताओं ने उन्हें फोन करके फैसले की जानकारी दे दी थी। उन्होंने चयनकर्ताओं के फैसले का सम्मान किया और कोई अनुरोध नहीं किया। हालांकि, टीम से बाहर किए जाने के बाद करीब डेढ़ महीने तक वह इस पूरे घटनाक्रम के बारे में सोचते रहे।
नए कप्तान श्रेयस अय्यर को लेकर भी सूर्यकुमार ने सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि वह श्रेयस को लंबे समय से जानते हैं और उन्हें भरोसा है कि वह अच्छे खिलाड़ी के साथ-साथ अच्छे कप्तान भी हैं। सूर्यकुमार ने यह भी स्पष्ट किया कि वह भविष्य में टीम इंडिया में वापसी के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं और टीम को उनकी जरूरत होने पर योगदान देने के लिए तैयार हैं।