देहरादून , 29 अगस्त 2026 । रुद्रपुर में जुलूस के दौरान दिए गए कथित भड़काऊ भाषण को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार किसी भी तरह की धमकी से डरने वाली नहीं है और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीएम धामी ने कहा कि एक मौलवी रुद्रपुर में आकर हमारी सरकार को डराने धमकाने का काम कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि मौलवी बयान दे रहे थे कि अगर मदरसों पर कार्रवाई हुई तो हम ये कर देंगे वो कर देंगे। सीएम धामी ने कहा कि ये एक मौलवी नहीं, उसके पीछे एक सोच है। एक विचारधारा है जो इस प्रकार की सोच रखती है।
करारा सबक सिखाएंगे
धामी ने कहा कि ये देवभूमि है देवताओं की पवित्र भूमि है। यहां वोटबैंक के लिए काम करने वाली सरकार नहीं है। जो तुष्टिकरण का काम करती हो और संविधान तोड़ने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं करती है। धामी ने कहा कि जो इस प्रकार की बात करते हैं, हम कानून के तहत ऐसे लोगों को करारा सबक सिखाएंगे।
सीएम धामी ने कहा कि राज्य में कानून से ऊपर कोई नहीं है और किसी भी व्यक्ति या समूह को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने सरकार की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में बड़ी मात्रा में सरकारी जमीन से अवैध कब्जे हटाए गए हैं।
रुद्रपुर के कथित भड़काऊ भाषण को लेकर उठे विवाद के बीच मुख्यमंत्री का यह बयान उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था और प्रशासन की सख्ती को लेकर सरकार के रुख को स्पष्ट करता है। अब इस मामले में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।