लालू-राबड़ी पर टिप्पणी से भड़कीं रोहिणी आचार्य, जीतन राम मांझी को दी कड़ी नसीहत

0

पटना, 21 अगस्त 2026 । बिहार की सियासत में लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की टिप्पणी पर विवाद बढ़ गया है। RJD प्रमुख लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने मांझी के बयान पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि उनके माता-पिता के खिलाफ अभद्र या अमर्यादित टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ किया कि ऐसी भाषा का जवाब उसी अंदाज में दिया जाएगा।

रोहिणी आचार्य का मांझी को नसीहत

रोहिणी आचार्य ने आगे एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा है कि जीतन राम मांझी जी ने लालू जी और राबड़ी देवी जी के बारे में ‘किसी’ के उस बयान को संदर्भ में रख कर अभ्रद टिप्पणी की थी। जिस बयान से लालू जी और राबड़ी देवी जी का कोई लेना- देना और सरोकार नहीं था।

रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपना पक्ष रखते हुए कहा कि जीतन राम मांझी ने किसी अन्य व्यक्ति के बयान को लालू यादव और राबड़ी देवी के संदर्भ में रखते हुए टिप्पणी की, जबकि उस बयान से उनके माता-पिता का कोई लेना-देना नहीं था। उन्होंने मांझी पर विषय से भटककर पूर्वाग्रह से प्रेरित टिप्पणी करने का आरोप लगाया।

रोहिणी ने खुद को एक बेटी के तौर पर अपने माता-पिता के सम्मान की रक्षा के लिए जवाब देने को उचित बताया। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह अपनी राय बार-बार बदलने वालों में से नहीं हैं। उनके मुताबिक, जो गलत है वह गलत ही रहेगा, चाहे वह किसी भी व्यक्ति से जुड़ा हो।

इस पूरे विवाद की पृष्ठभूमि तेजस्वी यादव और जीतन राम मांझी के बीच चल रही जुबानी जंग से जुड़ी है। हाल के दिनों में दोनों नेताओं के बयानों के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हुई और अब रोहिणी आचार्य के हस्तक्षेप से विवाद और गरमा गया है।

रोहिणी ने भाषा की मर्यादा का भी जिक्र किया। उनका कहना है कि जो लोग मर्यादा में रहकर अपनी बात रखते हैं, उनके सम्मान का वह भी ध्यान रखती हैं। लेकिन माता-पिता को लेकर अमर्यादित टिप्पणी होने पर वह चुप नहीं रहेंगी।

इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में लालू परिवार और जीतन राम मांझी के खेमे के बीच जुबानी टकराव और बढ़ने के संकेत हैं। अब देखना होगा कि मांझी या उनके समर्थकों की ओर से रोहिणी आचार्य के बयान पर क्या प्रतिक्रिया आती है और यह विवाद आने वाले राजनीतिक घटनाक्रम को किस दिशा में ले जाता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.