मसूरी, 21 अगस्त 2026 । उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मसूरी-देहरादून मार्ग पर भूस्खलन ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पानी वाले बैंड के पास पहाड़ी दरकने से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। ऊपर से लगातार मलबा और पत्थर गिरने के कारण इस प्रमुख मार्ग पर आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है।
सबसे चिंता की बात यह है कि जिस स्थान पर सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। उससे करीब 100 मीटर ऊपर भी सड़क का एक हिस्सा खिसककर क्षतिग्रस्त हो गया है। इससे साफ है कि खतरा केवल सड़क तक सीमित नहीं है, बल्कि पहाड़ी का बड़ा हिस्सा लगातार दबाव में है। यदि बारिश का दौर जारी रहा तो सड़क के और हिस्से के धंसने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।