शाहरुख, अजय और टाइगर पर भड़के मुकेश खन्ना

पान मसाला विज्ञापन को लेकर जमकर सुनाई खरी-खोटी

0

नई दिल्ली, 18 अगस्त 2026 । बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता मुकेश खन्ना ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ पर पान मसाला ब्रांड के विज्ञापन को लेकर निशाना साधा है। महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) की ओर से तीनों अभिनेताओं को कारण बताओ नोटिस दिए जाने के बाद मुकेश खन्ना ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की और कलाकारों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की अपील की।

मुकेश खन्ना ने कहा कि इन कलाकारों को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने विज्ञापन पर तंज कसते हुए कहा कि ये कलाकार बाजार में ‘केसरिया आदाब’ करके घूम रहे थे।

मुकेश खन्ना ने एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्होंने कहा, “सरकार की तरफ से, FDA की तरफ से जो तीन बड़े कलाकार बाजार में केसरिया आदाब करके घूम रहे थे, उनके खिलाफ नोटिस भेजा गया है। मुझे खुशी होती है कि कभी-कभी सरकार मेरी बातों पर ध्यान देती है, लेकिन जरा देर से ध्यान देती है।

मुकेश खन्ना ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए कहा कि बड़े कलाकारों के पास युवाओं को सकारात्मक संदेश देने की क्षमता होती है। ऐसे में उन्हें ऐसे उत्पादों के विज्ञापन से बचना चाहिए, जिनका संबंध तंबाकू या पान मसाला जैसे उत्पादों से जुड़ा हो। उन्होंने विज्ञापन में किए जाने वाले ‘केसरिया आदाब’ पर भी सवाल उठाए और इसे लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

उन्होंने यह भी कहा कि भले ही विज्ञापन में इलायची का प्रचार दिखाया जाता हो, लेकिन उनके मुताबिक इससे उसी ब्रांड से जुड़े पान मसाला उत्पाद का अप्रत्यक्ष प्रचार होता है। मुकेश खन्ना ने FDA की कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में कार्रवाई पहले होनी चाहिए थी।

महाराष्ट्र FDA ने शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी किया है। रिपोर्टों के अनुसार, विभाग ने विज्ञापन में ‘विमल’ ब्रांड के इस्तेमाल को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। तीनों कलाकारों को अपने जवाब के लिए समय दिया गया है।

मुकेश खन्ना का कहना है कि इन कलाकारों को आगे आकर अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए और जनता से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने खास तौर पर युवाओं पर सेलिब्रिटी विज्ञापनों के प्रभाव का मुद्दा उठाया और कहा कि लोकप्रिय कलाकारों को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। इस पूरे विवाद के बीच अब नजर इस बात पर है कि शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ FDA के नोटिस का क्या जवाब देते हैं। वहीं, मुकेश खन्ना की तीखी टिप्पणी ने पान मसाला विज्ञापनों और सेलिब्रिटी एंडोर्समेंट को लेकर बहस को फिर से तेज कर दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.