पटना, 13 अगस्त 2026 । बिहार में छात्रों पर कथित तौर पर AK-47 से गोली चलाए जाने के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना के विरोध में 19 अगस्त को पटना में लोकभवन तक मार्च निकालने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि बिहार को ‘पुलिसिया स्टेट’ नहीं बनने दिया जाएगा और छात्रों को न्याय दिलाने के लिए विपक्षी दलों को एकजुट किया जाएगा।
AK-47 गोलीकांड के लिए तजस्वी का लोकभवन मार्च
सिवान में छात्र आंदोलन के दौरान छात्रों पर एके-47 से गोली चलाने के मामले में अब तक कार्रवाई नहीं होने पर राजद ने आंदोलन का ऐलान किया है। राजद 19 अगस्त को वीरचंद पटेल पथ स्थित पार्टी मुख्यालय से लोकभवन तक मार्च करेगा। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इसकी घोषणा की। तेजस्वी यादव ने कहा कि मार्च में सभी सांसद, एमएलए, एमएलसी और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार को पुलिसिया स्टेट बनने नहीं दिया जाएगा। विपक्षी दलों से भी बात की जा रही है। उन्हें भी बिहार में छात्रों को न्याय दिलाने के लिए आमंत्रित किया गया है। पूरा देश जानना चाहता है कि गोली किसके आदेश पर चली। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने आवाज उठाई तो एक सिपाही को निलंबित किया गया। अब तक एसपी निलंबित क्यों नहीं किए गए। संसद में यह मुद्दा उठाने पर उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव के प्रति आभार जताया।
पहले भी DGP से कर चुके हैं मुलाकात
इस मामले को लेकर तेजस्वी यादव पहले बिहार के DGP विनय कुमार से भी मुलाकात कर चुके हैं। RJD प्रतिनिधिमंडल ने कथित AK-47 इस्तेमाल की जांच और सीवान के SP समेत संबंधित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की थी।
सड़क से संसद तक गरमा सकता है मामला
छात्रों पर गोली चलाने के आरोपों ने बिहार की कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बहस तेज कर दी है। RJD अब 19 अगस्त के मार्च के जरिए इस मुद्दे को बड़े आंदोलन का रूप देने की तैयारी में है। अगर विपक्षी दल भी इसमें शामिल होते हैं, तो यह प्रदर्शन राज्य सरकार के लिए बड़ा राजनीतिक दबाव बन सकता है।
फिलहाल तेजस्वी यादव के ऐलान के बाद बिहार की राजनीति में इस मुद्दे पर टकराव बढ़ने के आसार हैं। 19 अगस्त का लोकभवन मार्च सरकार और विपक्ष के बीच कानून-व्यवस्था को लेकर चल रही बहस का अगला बड़ा केंद्र बन सकता है।