गुरुग्राम में बारिश बनी आफत: जलभराव और भीषण जाम से जनजीवन प्रभावित

कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम देने की अपील

0

गुरुग्राम , 06 अगस्त 2026 । गुरुग्राम में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और कई प्रमुख मार्गों पर घंटों लंबा जाम लग गया। कार्यालय जाने वाले लोगों, स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम की स्थिति और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए प्रशासन ने निजी कंपनियों और कॉरपोरेट कार्यालयों से कर्मचारियों को यथासंभव वर्क फ्रॉम होम (Work From Home) की सुविधा देने की अपील की है।

पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

बारिश के चलते गुरुग्राम पुलिस की ओर से एडवाइजरी जारी की गी है। पुलिस ने लिखा है कि बारिश के चलते शहर की मुख्य सड़कों और चौराहों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की की प्रबल संभावना है। ऐसे में जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। पुलिस ने कॉर्पोरेट क्षेत्र और निजी कंपनियों से अपील की है कि वो अपने कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ की सुविधा प्रदान करें। ऐसे करने से अनावश्यक वाहनों की आवाजाही कम होने से ट्रैफिक प्रबंधन में बहुत मदद मिलेगी। पुलिस ने कहा कि हम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के लिए आपके सहयोग की सराहना करते हैं।

बारिश के कारण शहर के कई प्रमुख चौराहों, अंडरपास और निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। कई स्थानों पर वाहन पानी में फंस गए, जबकि कुछ इलाकों में जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने से ट्रैफिक लंबे समय तक बाधित रहा। ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम की टीमें जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थिति सामान्य करने और यातायात को सुचारु बनाने में जुटी रहीं।

जिला प्रशासन ने कंपनियों से कहा है कि जहां संभव हो, कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति दी जाए ताकि सड़कों पर वाहनों का दबाव कम हो और लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचाया जा सके। इससे ट्रैफिक प्रबंधन में भी मदद मिलेगी और आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही सुचारु बनी रहेगी। प्रशासन ने नागरिकों से भी अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने और ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी बारिश की संभावना जताई है, जिसके चलते प्रशासन ने संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखा गया है। साथ ही लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और मौसम से जुड़ी आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण, भारी वर्षा और जल निकासी तंत्र पर बढ़ते दबाव के कारण गुरुग्राम में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या बार-बार सामने आती है। ऐसे में दीर्घकालिक समाधान के लिए ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करना और शहरी बुनियादी ढांचे में सुधार आवश्यक माना जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.