नई दिल्ली, 05 अगस्त 2026 । बीआर चोपड़ा के लोकप्रिय धारावाहिक ‘महाभारत’ में अश्वत्थामा का किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाले वरिष्ठ अभिनेता प्रदीप रावत का अंतिम संस्कार मुंबई में किया गया। परिवार के सदस्यों, करीबी मित्रों और फिल्म एवं टीवी जगत से जुड़े कलाकारों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। प्रदीप रावत का हाल ही में 74 वर्ष की आयु में कैंसर से लंबी लड़ाई के बाद निधन हो गया था।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदीप रावत के मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने बताया था कि एक्टर कैंसर से पीड़ित थे। उन्हें यह बीमारी दोबारा लौट आई थी। पिछले एक महीने से उनका अस्पताल में इलाज चल रहा था।
महाभारत में अश्वत्थामा का रोल निभाया था
प्रदीप रावत ने एक्टिंग करियर की शुरुआत बीआर. चोपड़ा के टीवी शो महाभारत से की थी। वे अश्वत्थामा के रोल में नजर आए थे। प्रदीप ने इसके बाद हिंदी, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में काम किया।
हिंदी सिनेमा में वे लगान, सरफरोश, गजनी और ग्रैंड मस्ती जैसी फिल्मों में दिखाई दिए। तेलुगु फिल्म सई (Sye) से उन्होंने दक्षिण भारतीय सिनेमा में कदम रखा और कई यादगार विलेन के किरदार निभाए।
अंतिम संस्कार के दौरान कई कलाकारों और शुभचिंतकों ने प्रदीप रावत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अभिनय और व्यक्तित्व को याद किया। अपने लंबे करियर में उन्होंने टेलीविजन के अलावा हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्मों में भी कई यादगार भूमिकाएं निभाईं। ‘महाभारत’ में अश्वत्थामा का उनका किरदार आज भी दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय माना जाता है।
प्रदीप रावत ने अपने अभिनय सफर में ‘लगान’, ‘गजनी’ सहित कई चर्चित फिल्मों में दमदार नकारात्मक और चरित्र भूमिकाएं निभाईं। उनकी प्रभावशाली स्क्रीन उपस्थिति और सशक्त अभिनय ने उन्हें भारतीय सिनेमा और टेलीविजन का एक विशिष्ट कलाकार बनाया। उनके निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है और अनेक कलाकारों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
प्रदीप रावत के निधन के साथ भारतीय टेलीविजन और सिनेमा ने एक अनुभवी कलाकार को खो दिया है। उनके द्वारा निभाए गए किरदार आने वाली पीढ़ियों के लिए भी यादगार रहेंगे और भारतीय मनोरंजन जगत में उनके योगदान को लंबे समय तक स्मरण किया जाएगा।