जेवर लिंक एक्सप्रेस-वे को मिली कैबिनेट की मंजूरी, 8,585 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा 6-लेन हाईवे
लखनऊ, 05 अगस्त 2026 । उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के सड़क नेटवर्क और कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए 6-लेन जेवर लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना को स्वीकृति मिली। सरकार के अनुसार, इस एक्सप्रेस-वे के निर्माण पर 8,585 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और इससे जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंच और अधिक सुगम होगी।
विश्वकर्मा सम्मान योजना में अब 25 ट्रेड में प्रशिक्षण
सरकार विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 का विस्तार करेगी। कैबिनेट ने पहले से शामिल 11 पारंपरिक ट्रेडों के अलावा 14 नए ट्रेड जोड़ने को मंजूरी दी है। नए पारंपरिक ट्रेडों में मूर्तिकार, मालाकार, दूधवाला, भरभूजा और मछुआरा शामिल हैं। प्रशिक्षित कारीगरों को 10 लाख रुपये तक लोन की सुविधा मिलेगी, जिसमें 15 प्रतिशत मार्जिन मनी सब्सिडी दी जाएगी। ऋण बिना गारंटी और बिना ब्याज के उपलब्ध होगा।
किसानों के मौसमी नुकसान की हो सकेगी भरपाई
मौसम की मार से किसानों को राहत देने के लिए प्रदेश में पीएम फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) और पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना लागू करने पर सहमति दे दी गई है। पीएम फसल बीमा योजना में रबी और खरीफ की प्रमुख फसलों का सभी जिलों में ग्राम पंचायत स्तर पर बीमा होग, जिसके लिए तय मियाद होगी। किसानों के लिए डेढ़-दो प्रतिशत ही प्रीमियम ही तय किया गया है।
यह परियोजना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) को प्रदेश के प्रमुख एक्सप्रेस-वे नेटवर्क से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी। एक्सप्रेस-वे बनने के बाद यात्रियों, उद्योगों और माल परिवहन को तेज और बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। सरकार का मानना है कि इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, निवेश आकर्षित होगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
6-लेन एक्सप्रेस-वे को भविष्य की यातायात जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसमें बेहतर इंटरचेंज, सर्विस रोड, सुरक्षा सुविधाएं, स्मार्ट ट्रैफिक प्रबंधन और आधुनिक इंजीनियरिंग तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। परियोजना के पूरा होने के बाद दिल्ली-एनसीआर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट के बीच यात्रा का समय कम होने की उम्मीद है।
विशेषज्ञों का मानना है कि जेवर लिंक एक्सप्रेस-वे केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण कदम है। यह परियोजना एयरपोर्ट आधारित औद्योगिक विकास, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। सरकार का लक्ष्य परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कर क्षेत्र के समग्र विकास को गति देना है।