मुख्यमंत्री सेहत योजना बनी कैंसर मरीजों की उम्मीद
पंजाब सरकार ने 8069 मरीजों के इलाज पर खर्च किए 20 करोड़ रुपये
चंडीगढ़, 24 जुलाई 2026 । पंजाब सरकार की मुख्यमंत्री सेहत योजना गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत का माध्यम बन रही है। सरकार के अनुसार, इस योजना के तहत अब तक 8069 कैंसर मरीजों के इलाज पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सबसे अधिक लाभ 36 से 60 वर्ष आयु वर्ग के मरीजों को
आंकड़ों के मुताबिक, योजना का सबसे अधिक लाभ 36 से 60 वर्ष आयु वर्ग के मरीजों को मिला है। कुल लाभार्थियों में आधे से अधिक मरीज इसी आयु वर्ग के हैं। आंकड़ों के अनुसार, योजना के तहत इलाज करवाने वाले 8069 मरीजों में से 4,285 मरीज 36 से 60 वर्ष आयु वर्ग के थे जो सबसे बड़ा वर्ग रहा। इसके अलावा 3376 मरीज 60 वर्ष से अधिक आयु के, 399 मरीजा 17 से 35 वर्ष आयु वर्ग के और 9 मरीज 17 वर्ष से कम आयु के थे। वहीं, इलाज के मामलों में जून 2026 सबसे सक्रिय महीना रहा, जब सर्वाधिक मरीजों का उपचार किया गया।
सरकार का कहना है कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज काफी महंगा होता है और कई परिवार आर्थिक कठिनाइयों के कारण समय पर उपचार नहीं करा पाते। मुख्यमंत्री सेहत योजना के माध्यम से ऐसे मरीजों को इलाज में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, योजना के तहत पात्र मरीजों को अस्पतालों में उपचार, जांच और आवश्यक चिकित्सा सेवाओं का लाभ दिया जा रहा है। सरकार लगातार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और जरूरतमंद मरीजों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दे रही है।
पंजाब सरकार का कहना है कि स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार उसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। कैंसर के अलावा अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए भी स्वास्थ्य योजनाओं को प्रभावी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, किसी भी गंभीर बीमारी के इलाज में समय पर जांच और उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है। सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं के जरिए आर्थिक सहायता मिलने से मरीजों को इलाज जारी रखने में मदद मिलती है और स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच बेहतर होती है।
मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत बड़ी संख्या में मरीजों को लाभ मिलने का दावा पंजाब सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र में सक्रियता को दर्शाता है। आने वाले समय में सरकार इस योजना के विस्तार और अधिक लोगों तक इसका लाभ पहुंचाने पर ध्यान दे रही है।