भागलपुर , 21 जुलाई 2026 । बिहार के भागलपुर में कोरोना संक्रमण का दूसरा मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। 65 वर्षीय बुजुर्ग के संक्रमित पाए जाने के बाद अब उनकी बेटी की भी कोविड-19 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एक ही परिवार में लगातार दो मामलों की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संपर्क में आए लोगों की पहचान और स्वास्थ्य जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है।
बुजुर्ग की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव
अस्पताल की रिपोर्ट के मुताबिक, बुजुर्ग बिहार के बांका जिले के रहने वाले हैं। पिछले कुछ दिनों से अपनी बेटी के यहां भागलपुर में रह रहे थे। उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें तिलकामांझी के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। 16 जुलाई को तिलकामांझी स्थित एक निजी सैंपल कलेक्शन सेंटर में उनकी आरटी-पीसीआर जांच कराई गई थी, जिसकी रिपोर्ट 18 जुलाई को पॉजिटिव प्राप्त हुई।
पिता के बाद बेटी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संदीप लाल ने बताया कि 30 वर्षीय संक्रमित महिला अपने बुजुर्ग पिता की देखभाल के लिए अस्पताल आ रही थीं। इस दौरान उसमें सर्दी खांसी के लक्षण के बाद 20 जुलाई को उनकी आरटी-पीसीआर टेस्ट कराई गई, जांच में कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, दोनों मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संक्रमितों को आवश्यक चिकित्सकीय सलाह के अनुरूप उपचार और आइसोलेशन की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों और निकट संपर्क में आए लोगों के सैंपल लेकर जांच की जा रही है, ताकि संक्रमण के संभावित प्रसार को समय रहते रोका जा सके।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों और संबंधित चिकित्सा संस्थानों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें और आवश्यकता पड़ने पर कोविड जांच कराएं। बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और फिलहाल घबराने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, संक्रमण से बचाव के लिए व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखना, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आवश्यक सावधानी बरतना और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना बेहद जरूरी है। प्रशासन का उद्देश्य समय रहते संक्रमण की पहचान कर उसके फैलाव को नियंत्रित करना है।