नई दिल्ली, 18 जुलाई 2026 । बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी मिलने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट और एक कथित ऑडियो क्लिप वायरल हो रही है, जिसमें खुद को गैंग से जुड़ा बताने वाले लोगों ने आमिर खान को धमकी दी है। हालांकि, इन पोस्ट और ऑडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
आज तक की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को लॉरेंस गैंग की तरफ से एक लेटर और ऑडियो नोट जारी किया गया है। चिट्ठी आरजू बिश्नोई और टायसन बिश्नोई के नाम से दी गई है। चिट्ठी में लिखा गया है, जो हमारी देश की संस्कृति के खिलाफ, हमारे देश में लव जिहाद के नाम पर आमिर खान जैसे लोगों को बढ़ावा दे रहे हैं, हम उन्हें बर्दाश्त नहीं करेंगे। गैंग की तरफ से लिखा गया है कि जल्द ही इसका जवाब दिया जाएगा। चिट्ठी में लिखा गया है कि ये देश और संस्कृति के खिलाफ है, जो भी इसका समर्थन करेगा, उसे जल्द ही गैंग की तरफ से जवाब मिलेगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमकी में आमिर खान की हालिया निजी जिंदगी और कथित “लव जिहाद” जैसे आरोपों का उल्लेख किया गया है। इस मामले के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस और साइबर सेल वायरल सामग्री की जांच कर रहे हैं। फिलहाल आमिर खान या उनकी टीम की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है और न ही पुलिस ने धमकी की सत्यता की पुष्टि की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित पोस्ट और ऑडियो क्लिप की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह सामग्री वास्तविक है या नहीं और इसके पीछे कौन लोग हैं। सुरक्षा एजेंसियां मामले पर नजर बनाए हुए हैं।