दिल्ली पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, अनुराग कुमार संभालेंगे कमिश्नर की जिम्मेदारी

0

नई दिल्ली, 17  जुलाई 2026 । दिल्ली पुलिस के शीर्ष नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया गया है। सरकार ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त करने का फैसला लिया है। वहीं, मौजूदा पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा को अचानक पद से हटा दिया गया है। इस फैसले को राजधानी की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

गृह मंत्रालय ने जारी किया नियुक्ति पत्र

गृह मंत्रालय ने नियुक्ति पत्र जारी करते हुए लिखा कि अनुराग कुमार आईपीएस को कार्यभार संभालने की तारीख से और अगले आदेश तक दिल्ली का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया जाता है। सतीश गोलचा को निर्देश दिया जाता है कि नए अधिकारी के कार्यभार संभालने के बाद, वे आगे की पोस्टिंग के लिए दिल्ली के उप-राज्यपाल को रिपोर्ट करें।

कौन हैं दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार

बता दें कि दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह आईबी में स्पेशल डायरेक्टर थे। गृह मंत्रालय की ओरे से अनुराग कुमार का नियुक्ति पत्र जारी किया गया है। अनुराग कुमार बेहद की कड़क और अनुशासित अधिकारी माने जाते हैं।

अनुराग कुमार लंबे प्रशासनिक और पुलिसिंग अनुभव वाले अधिकारी माने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन से जुड़े मामलों में अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। अब उनके सामने दिल्ली में अपराध नियंत्रण, महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध पर लगाम, ट्रैफिक प्रबंधन और सामुदायिक पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने जैसी बड़ी चुनौतियां होंगी।

दूसरी ओर, सतीश गोलचा को अचानक हटाए जाने के फैसले ने प्रशासनिक हलकों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दिया है। हालांकि, सरकार की ओर से इस बदलाव के पीछे किसी विशेष कारण की आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। पुलिस विभाग में शीर्ष स्तर पर हुए इस परिवर्तन के बाद आने वाले समय में कई प्रशासनिक और रणनीतिक फैसलों में बदलाव देखने को मिल सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि राजधानी जैसे संवेदनशील महानगर में नए पुलिस कमिश्नर की नियुक्ति कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस सुधारों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। ऐसे में अनुराग कुमार के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस की कार्यशैली और प्राथमिकताओं पर सभी की नजर रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.