राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले ग्राउंड को लेकर विवाद, देर रात कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धरना

0

देहरादून, 15  जुलाई 2026 । कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले कार्यक्रम स्थल को लेकर विवाद खड़ा हो गया। ग्राउंड की अनुमति और आयोजन स्थल को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद देर रात कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू कर दिया। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया और प्रशासन तथा कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया।

रात में ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता परेड ग्राउंड आयोजन स्थल के बाहर धरने पर बैठ गए।जिसको लेकर काफी देर तक हंगामा होता रहा। 17 जुलाई को राहुल गांधी ने देहरादून में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शिरकत करनी है। इसको लेकर कांग्रेसियों का दावा है कि ढ़ाई लाख से ज्यादा छात्र इस कार्यक्रम को लेकर रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। इस बीच कांग्रेसियों ने नगर निगम से परेड ग्राउंड की परमिशन मांगी। जिसकी नगर निगम ने 15 से 17 जुलाई तक की परमिशन भी दी।

कांग्रेस का आरोप है कि कार्यक्रम के आयोजन में प्रशासनिक स्तर पर अनावश्यक बाधाएं खड़ी की जा रही हैं और तय स्थल के उपयोग को लेकर असमंजस की स्थिति बनाई गई। पार्टी नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक कार्यक्रमों में व्यवधान डालने का प्रयास बताया और विरोध स्वरूप धरना दिया।

वहीं, प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम स्थल से जुड़े सभी निर्णय निर्धारित नियमों, सुरक्षा मानकों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के अनुरूप लिए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और इसी को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

देर रात तक चले धरने के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे। फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन और कांग्रेस के बीच बातचीत की संभावनाएं बनी हुई हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि कार्यक्रम निर्धारित स्थान पर होगा या इसके लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.