नई दिल्ली, 13 जुलाई 2026 । बॉलीवुड अभिनेता शेखर सुमन ने अभिनेता आमिर खान की कथित तीसरी शादी को लेकर चल रही चर्चाओं पर तंज कसते हुए ऐसा बयान दिया, जिसकी सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत में काफी चर्चा हो रही है। उनके बयान के बाद आमिर खान की निजी जिंदगी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है।
आमिर खान की पिछली शादियों पर शेखर सुमन ने कहा, ‘इस बेमिसाल शख्स का नाम है…, एक मिनट आपने गौरी, नहीं आपने गौर किया होगा कि जब हम ट्रेन में सफर किया करते थे, तो कुछ दूरी चलकर किसी खास स्टेशन में आकर इंजन ड्राइवर एक बोगी को शंट कर देता था और उसमें दूसरी जोड़ देता था। फिर थोड़ा और आगे वो दूसरी बोगी भी शंट कर तीसरी जोड़ देता था। फिर आगे जाकर दो पिछले शंट की थीं, उसे तीसरी बोगी से जोड़ देता था। और इस तरह वो पूरी लंबी मुकम्मल ट्रेन बन जाती थी। ये वही इंजन ड्राइवर हैं, जिनका हुनर बेमिसाल है। ये अपने आप में अनूठे हैं, अद्भुत है अनोखे हैं।’
आगे शेखर ने कहा, ‘ये वो इंजन हैं, जिनमें एथेनॉल, आइसोब्यूटिनॉल है, फिर भी ये इंजन सीज नहीं हुआ और लगातार पटरी पर जोड़ते हुए नए कीर्तिमान बना रहा है। और इनका नाम है आमिर खान। मुबारक हो, आमिर खान ने तीसरी शादी कर ली। किसी और के अच्छे दिन आएं न आएं, लेकिन आमिर खान साहब के लगातार तीसरी बार अच्छे दिन आ गए। उन्होंने पूर्ण बहुमत से तीसरी बार सरकार बना ली।’
गौरतलब है कि आमिर खान की तीसरी शादी को लेकर समय-समय पर अटकलें लगती रही हैं, लेकिन अभिनेता की ओर से ऐसी खबरों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में इस तरह की चर्चाएं फिलहाल अटकलों के दायरे में ही हैं।
मनोरंजन जगत में सितारों की निजी जिंदगी अक्सर चर्चा का विषय बनती है, लेकिन किसी भी दावे या अफवाह की पुष्टि संबंधित पक्ष के आधिकारिक बयान के बाद ही मानी जाती है।