बिना डेटा वाले मोबाइल रिचार्ज प्लान हो सकते हैं सस्ते, ट्राई के नए नियमों से करोड़ों यूजर्स को राहत की उम्मीद

0

नई दिल्ली, 11  जुलाई 2026 । देश में केवल वॉयस कॉल और SMS का उपयोग करने वाले मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। बिना डेटा वाले मोबाइल रिचार्ज प्लान आने वाले समय में सस्ते हो सकते हैं। दूरसंचार क्षेत्र में नियामकीय बदलावों के बाद टेलीकॉम कंपनियां ऐसे ग्राहकों के लिए कम कीमत वाले अलग रिचार्ज प्लान पेश कर सकती हैं, जिन्हें इंटरनेट डेटा की आवश्यकता नहीं होती।

दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) इस पर काम कर रहा है। TRAI ने ‘दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण विनियम, 2026’ का नया मसौदा जारी किया है। इसका मुख्य उद्देश्य है- ‘डेटा नहीं चाहिए, तो उसका पैसा क्यों दें?’ ट्राई ने इस पर सभी पक्षों से सुझाव मांगे हैं, फिर इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।

क्या है नया प्रस्ताव?

अभी कंपनियां सीमित समय के लिए ही ‘केवल कॉल-एसएमएस’ पैक देती हैं। इससे कई ग्राहकों को मजबूरी में डेटा वाला महंगा प्लान लेना पड़ता है। अब ट्राई ने प्रस्ताव दिया है कि कंपनियां जितने दिनों की वैधता जैसे 7, 28, 56 या 84 दिन का डेटा वाला प्लान लाती हैं, उतनी ही अवधि का ‘केवल कॉल व एसएमएस’ वाला प्लान भी लाना होगा।

इस पहल का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों, फीचर फोन उपयोगकर्ताओं और केवल कॉलिंग सेवा का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को उनकी जरूरत के अनुरूप किफायती विकल्प उपलब्ध कराना है। इससे ऐसे उपभोक्ताओं को अनावश्यक डेटा के लिए अतिरिक्त भुगतान नहीं करना पड़ेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि टेलीकॉम कंपनियां नए नियमों के अनुरूप केवल वॉयस और SMS आधारित प्लान लॉन्च करती हैं, तो लाखों ग्राहकों के मासिक मोबाइल खर्च में कमी आ सकती है। हालांकि, इन प्लानों की अंतिम कीमत और उपलब्धता का फैसला संबंधित टेलीकॉम कंपनियां करेंगी।

इस कदम से मोबाइल सेवाओं को अधिक उपभोक्ता-केंद्रित बनाने और विभिन्न श्रेणी के ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप प्लान उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.