चंडीगढ़, 07 जुलाई 2026 । अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब (गोल्डन टेंपल) में ड्रेस कोड का पालन नहीं करने पर एक विदेशी कपल को प्रवेश से पहले रोक दिया गया। बताया गया कि पुरुष पर्यटक निकर (शॉर्ट्स) पहनकर मंदिर परिसर में पहुंचा था। सेवादारों ने उन्हें विनम्रता से गुरुद्वारा परिसर में लागू मर्यादा और ड्रेस कोड की जानकारी दी तथा पूरे कपड़े पहनकर आने के लिए कहा।
एंट्री के वक्त पर सिख ने बताया नियम
जानकारी के अनुसार यह घटना 4 जुलाई को हुई। इस दौरान विदेशी महिला ने टिकट के बारे में भी पूछा, जिस पर उसे बताया गया कि यहां एंट्री पूरी तरह फ्री है। नियम समझने के बाद विदेशी महिला मान गई। यह वीडियो 4 जुलाई का है। जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गुरुघर की सीमाओं की जानकारी देने के लिए एक नोटिस बोर्ड लगाया गया है। इस पर साफ लिखा है कि टोपी, शॉर्ट्स (निकर), कैपरी, मोजे और मिनी स्कर्ट पहनकर एंट्री अलाउड नहीं है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे सिर ढककर और पूरे कपड़े पहनकर गुरुद्वारा साहिब में जाएं। गोल्डन टेंपल में सिर ढककर और पूरे कपड़े पहनकर गुरुद्वारा साहिब में जाने की अनुमति है।
गोल्डन टेंपल में प्रवेश सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए निःशुल्क है, लेकिन सभी को धार्मिक मर्यादाओं का पालन करना अनिवार्य होता है। इनमें सिर ढकना, जूते बाहर उतारना, स्वच्छता बनाए रखना और शालीन व पूरे कपड़े पहनना शामिल है।
विदेशी कपल ने सेवादारों की सलाह का सम्मान करते हुए निर्धारित ड्रेस कोड का पालन किया। इसके बाद उन्हें मंदिर परिसर में प्रवेश की अनुमति दे दी गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद धार्मिक स्थलों की मर्यादा और ड्रेस कोड को लेकर चर्चा तेज हो गई।
गुरुद्वारा प्रबंधन का कहना है कि नियम सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों पर समान रूप से लागू होते हैं। इनका उद्देश्य किसी के साथ भेदभाव करना नहीं, बल्कि धार्मिक परंपराओं और पवित्रता को बनाए रखना है।