लखनऊ में अग्नि सुरक्षा पर फिर सवाल: पहले आग, अब पार्किंग में बैंक्वेट हॉल का खुलासा, ‘सेवी ग्रैंड होटल’ पर बढ़ी जांच की मांग

0

लखनऊ , 02 जुलाई 2026 । लखनऊ में हालिया अग्निकांड के बाद शहर में भवन सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच ‘सेवी ग्रैंड होटल’ को लेकर भी नया मामला सामने आया है। आरोप है कि होटल की पार्किंग क्षेत्र में बैंक्वेट हॉल संचालित किया जा रहा है, जबकि चार वर्ष पहले भी इसी परिसर में आग लगने की घटना हो चुकी थी। इसके बावजूद कथित अनियमितताओं पर प्रभावी कार्रवाई न होने से संबंधित एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ऐसे में सवाल उठता है कि होटल के बेसमेंट में आग लगने के बाद LDA के अफसरों ने आखिर क्या कार्रवाई की? आग लगने के चार साल बाद भी होटल के बेसमेंट में बैंक्वेट हॉल कैसे संचालित होता रहा? इसे लेकर LDA जोन-1 के प्रवर्तन अफसर कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

13 अप्रैल 2022 को सेवे ग्रैड होटल के बेसमेंट में आग लगी थी। बेसमेंट में अवैध रूप से कमर्शल गतिविधियां चलने के कारण उस वक्त बढ़ा हादसा होते-होते बचा था। घटना के ठीक बाद LDA के अधिकारियों ने होटल प्रबंधन के खिलाफ सीलिंग और सख्त कानूनी कार्रवाई करने का दावा किया था। हाल में जब LDA की टीम ने गोमतीनगर क्षेत्र की इमारतों का सर्वे किया, तो सेवी ग्रैड होटल की हकीकत सामने आई। जिस जगह गाड़ियों की पार्किंग होनी चाहिए थी, वहां आज भी भव्य बैंक्वेट हॉल है और शादी व अन्य समारोह का आयोजन किया ज रहा है। इस खुलासे ने साफ कर दिया है कि हादसे के बाद LDA द्वारा की गई कार्रवाई महज कागजी और दिखावा थी।

जानकारी के अनुसार, पार्किंग क्षेत्र का उपयोग मूल उद्देश्य के बजाय अन्य गतिविधियों के लिए किए जाने से आपातकालीन स्थिति में लोगों के सुरक्षित निकास और दमकल वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। इस मामले में भवन निर्माण नियमों और अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

स्थानीय लोगों और विशेषज्ञों का कहना है कि यदि किसी व्यावसायिक भवन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है तो बड़े हादसों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे मामलों में संबंधित विभागों द्वारा नियमित निरीक्षण और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। अब इस पूरे मामले में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) और अन्य संबंधित विभागों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं तथा विस्तृत जांच की मांग की जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.