पुराना ट्रक-बस स्क्रैप करें, नए कमर्शियल वाहन पर 100% रोड टैक्स छूट और 8% तक का डिस्काउंट

0

नई दिल्ली, 30 जून्‌ 2026 । दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण कम करने के लिए केंद्र सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। पुराने वाणिज्यिक वाहन (कमर्शियल व्हीकल) मालिकों के लिए राहत भरी खबर है। सरकार की वाहन स्क्रैपिंग नीति के तहत अब पुराने ट्रक और बसों को अधिकृत स्क्रैपिंग सेंटर पर कबाड़ (स्क्रैप) कराने वाले वाहन मालिकों को नए वाहन की खरीद पर आकर्षक लाभ मिलेंगे। इस पहल का उद्देश्य पुराने और प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को सड़कों से हटाकर आधुनिक, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल वाहनों को बढ़ावा देना है।

योजना के तहत यदि कोई वाहन मालिक अपना पुराना ट्रक या बस अधिकृत वाहन स्क्रैपिंग केंद्र पर जमा कर स्क्रैप सर्टिफिकेट प्राप्त करता है, तो नए कमर्शियल वाहन की खरीद पर 100 प्रतिशत तक रोड टैक्स में छूट का लाभ मिल सकता है। इसके अलावा वाहन निर्माता कंपनियां भी स्क्रैप सर्टिफिकेट प्रस्तुत करने वाले ग्राहकों को लगभग 8 प्रतिशत तक की छूट (निर्माता की नीति के अनुसार) दे सकती हैं।

केंद्र सरकार की ‘परिवर्तन’ योजना का उद्देश्य NCR में पुराने भारी वाहनों की संख्या कम करना और हवा की गुणवत्ता में सुधार लाना है। हाल ही में केंद्रीय कैबिनेट ने इस योजना को मंजूरी दी थी। योजना के तहत राज्यों से टैक्स में राहत देने और वाहन मालिकों को आर्थिक मदद पहुंचाने की तैयारी की जा रही है।

हालांकि, रोड टैक्स में छूट और अन्य प्रोत्साहनों के नियम अलग-अलग राज्यों की अधिसूचनाओं और वाहन श्रेणियों के अनुसार भिन्न हो सकते हैं। इसलिए नया वाहन खरीदने से पहले संबंधित राज्य परिवहन विभाग और वाहन निर्माता कंपनी से लागू शर्तों की जानकारी लेना आवश्यक है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.