नई दिल्ली, 27 जून् 2026 । अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा घोटाले को लेकर अभिनेता मुकेश खन्ना ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस मामले को करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा बताते हुए कहा कि यदि मंदिर में चढ़ावे के नाम पर किसी भी तरह की गड़बड़ी हुई है, तो दोषियों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
मुकेश खन्ना ने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से लिखा है, ‘क्या आप जानते हैं, मंदिरों में आपका नकदी चढ़ावा, भगवान तक नहीं पहुंचता। बीच में कहीं खो जाता है। लूट मची पड़ी है। कहावत है ना, लूट सके तो लूट। और लूटने वाले यहां भरे पड़े हैं। मैंने एक बार कहा था- भरे पड़े हैं चोर, डाकू और बेईमान, फिर भी मेरा देश है महान। लेकिन इन चढ़ावा लूटने वालों को मैं क्या नाम दूं? चोर, डाकू या बेईमान? इनमें से कोई नहीं। क्योंकि ये इन सबसे ऊपर हैं। ये भक्तों को ही नहीं, भगवान को भी लूट रहे हैं।’