हरमनप्रीत कौर ने रचा इतिहास, 200 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बनीं

0

नई दिल्ली, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने क्रिकेट इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है। हरमनप्रीत 200 टी-20 इंटरनेशनल (T20I) मुकाबले खेलने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बन गई हैं। उन्होंने यह ऐतिहासिक उपलब्धि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ महिला टी-20 विश्व कप मुकाबले में हासिल की।

साउथ अफ्रीका ने विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप में भारत को 6 विकेट से हरा दिया। साउथ अफ्रीका ने 159 रन का टारगेट हासिल किया। यह टी-20 वर्ल्ड कप का तीसरा और साउथ अफ्रीका का सबसे बड़ा रनचेज रहा।

रविवार को भारतीय कप्तान हरमप्रीत कौर का 200 टी-20 खेलने वाली दुनिया की पहली क्रिकेटर बनीं। बतौर कप्तान यह उनका 200वां इंटरनेशनल मैच भी था।

इस उपलब्धि के साथ हरमनप्रीत ने पुरुष और महिला दोनों वर्गों के क्रिकेटरों को पीछे छोड़ दिया है। उनसे पहले कोई भी खिलाड़ी 200 टी-20 इंटरनेशनल मैचों का आंकड़ा नहीं छू पाया था। यह रिकॉर्ड उनकी लंबी, सफल और निरंतर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट यात्रा का प्रमाण माना जा रहा है।

हरमनप्रीत ने जून 2009 में भारत के लिए अपना पहला टी-20 इंटरनेशनल मैच खेला था। पिछले 17 वर्षों में उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने कई यादगार जीत दर्ज की हैं और विश्व क्रिकेट में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

इस ऐतिहासिक मौके पर भारतीय टीम प्रबंधन ने हरमनप्रीत को विशेष ‘200’ लिखी हुई जर्सी और कैप भेंट कर सम्मानित किया। टीम के खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रशंसकों ने भी उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

हरमनप्रीत कौर पहले भी कई रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी हैं। वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ियों में शामिल हैं और भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे प्रभावशाली कप्तानों में गिनी जाती हैं। 200 टी-20 इंटरनेशनल मैचों का यह रिकॉर्ड उनके शानदार करियर में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.