जालंधर , 20 जून् 2026 । पंजाब में 24 से 26 जून के बीच सरकारी बस सेवाओं पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है। राज्य के रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर तीन दिवसीय हड़ताल और चक्का जाम का ऐलान किया है। ऐसे में इन दिनों यात्रा करने की योजना बना रहे यात्रियों को पहले से तैयारी करने और वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था पर विचार करने की सलाह दी जा रही है।
राज्य स्तरीय बैठक में यूनियन के प्रदेश प्रधान रेशम सिंह गिल ने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को लागू करने की बजाय लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि चार वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद न तो विभाग में किसी कर्मचारी को नियमित किया गया है और न ही नई सरकारी बसें शामिल की गई हैं। इसके विपरीत किलोमीटर स्कीम के तहत निजी बसों को बढ़ावा देकर विभाग के निजीकरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।
पंजाब में 24 से 26 जून के बीच सरकारी बस सेवाओं पर बड़ा असर पड़ने की संभावना है। राज्य के रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर तीन दिवसीय हड़ताल और चक्का जाम का ऐलान किया है। ऐसे में इन दिनों यात्रा करने की योजना बना रहे यात्रियों को पहले से तैयारी करने और वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था पर विचार करने की सलाह दी जा रही है।
कर्मचारी संगठनों का कहना है कि लंबे समय से लंबित मांगों, नियमितीकरण, वेतन संबंधी मुद्दों और अन्य सेवा शर्तों को लेकर सरकार से कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन संतोषजनक समाधान नहीं निकल सका। इसी के विरोध में कर्मचारियों ने आंदोलन तेज करने का फैसला लिया है।
हड़ताल के दौरान पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी की बड़ी संख्या में बसें प्रभावित हो सकती हैं। इससे राज्य के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों के लिए चलने वाली बस सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका है। विशेष रूप से दैनिक यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
परिवहन विभाग और कर्मचारी संगठनों के बीच बातचीत की संभावनाएं अभी भी बनी हुई हैं। यदि अंतिम समय में कोई समझौता हो जाता है तो हड़ताल टल भी सकती है। हालांकि फिलहाल कर्मचारियों ने अपने आंदोलन पर कायम रहने के संकेत दिए हैं।
यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे यात्रा से पहले बस सेवाओं की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर लें और आवश्यक होने पर निजी बस, ट्रेन या अन्य परिवहन विकल्पों का उपयोग करें, ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके।