मुजफ्फरपुर में हाफ एनकाउंटर: प्रॉपर्टी डीलर प्रभात मिश्रा हत्याकांड का आरोपी अमित कुमार पुलिस मुठभेड़ में घायल

0

मुजफ्फरपुर , 17 जून्‌ 2026 । बिहार के मुजफ्फरपुर जिले मुसहरी थाना क्षेत्र में चर्चित प्रॉपर्टी डीलर प्रभात मिश्रा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और चर्चित प्रॉपर्टी डीलर अंकित रंजन उर्फ प्रभात मिश्रा हत्याकांड के नामजद आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। हत्या के मुख्य आरोपी अमित कुमार को पुलिस ने एक हाफ एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रभात मिश्रा की हत्या के बाद से अमित कुमार फरार चल रहा था और उसकी तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसने भागने की कोशिश की। इसी दौरान हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया।

प्रभात मिश्रा हत्याकांड ने मुजफ्फरपुर में काफी चर्चा बटोरी थी। हत्या के बाद स्थानीय लोगों और व्यवसायियों में आक्रोश देखा गया था तथा पुलिस पर जल्द कार्रवाई का दबाव था। आरोपी की गिरफ्तारी को मामले में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

पुलिस ने किया एनकाउंटर

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के अनुसार सूचना मिली थी कि अमित कुमार अपने एक साथी के साथ बाइक से किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए निकल रहा है। सूचना के आधार पर मुसहरी थाना क्षेत्र के भटौलिया पुल के समीप पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान अमित कुमार पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख अमित ने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक गोली अमित के पैर में लग गई। गोली लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने एसकेएमसीएच पहुंचकर घायल आरोपी से पूछताछ की।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और हत्या के पीछे की साजिश, सहयोगियों की भूमिका तथा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

घायल आरोपी का इलाज पुलिस निगरानी में चल रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.