नई दिल्ली, 15 जून् 2026 । पंजाब की जेलों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। होशियारपुर जेल में बंद एक हत्यारोपी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना द्वारा कथित तौर पर लाइव स्ट्रीमिंग किए जाने और जेल के भीतर कैदियों तक नशीले पदार्थ पहुंचने के दावे ने प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर दिया है। आरोपी ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित वीडियो में जेल के अंदर की परिस्थितियों को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
मन्ना पर जबरन वसूली और फायरिंग के कई मामले दर्ज हैं। एक वीडियो में, मन्ना ने एक छोटा पैकेट दिखाया और दावा किया कि उसमें ‘ICE’ (मेथामफेटामाइन) है, जो एक सिंथेटिक नशीला पदार्थ है। बठिंडा ज़िले के तलवंडी साबो के रहने वाले मन्ना पर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में इस्तेमाल की गई गाड़ी उपलब्ध कराने का भी आरोप है। मन्ना को पिछले साल दिसंबर में पटियाला पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था और पुलिस ने उसे लकी पटियाल गैंग का कथित साथी बताया था। वह पूर्व गैंगस्टर कुलबीर नरुआना की हत्या के मामले में भी आरोपी है।
ड्रग्स सप्लाई में अफसरों के हाथ का आरोप
वीडियो में पैकेट दिखाते हुए मन्ना ने दावा किया कि मैं बता सकता हूं कि कपूरथला और होशियारपुर जेलों में ड्रग्स सप्लाई करने में कौन-कौन से अधिकारी शामिल हैं। मैंने बाहर कभी ‘ICE’ का इस्तेमाल नहीं किया, लेकिन जेल के अंदर यह उपलब्ध है। उसने अधिकारियों को उसे पुलिस रिमांड पर लेने की चुनौती भी दी और दावा किया कि वह जेल के अंदर ड्रग्स सप्लाई में कथित तौर पर शामिल अधिकारियों के नाम उजागर करेगा।