कौन हैं उषा प्रियदर्शी? गुरुग्राम की भाजपा नेता जिन्हें मिली हरियाणा राज्य महिला आयोग की कमान

0

चंडीगढ़, 13 जून्‌ 2026 । हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम निवासी उषा प्रियदर्शी को हरियाणा राज्य महिला आयोग का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार ने यह नियुक्ति रेनू भाटिया के इस्तीफे के बाद की है। इसके साथ ही मीना परमार को आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया है। एक विवादित बयान के बाद खड़े हुए बवंडर में रेनू भाटिया को इस्तीफा देना पड़ा था। मुख्यमंत्री नायब सिंह की अगुवाई वाली राज्य सरकार ने उषा प्रियदर्शी को अध्यक्ष और मीना परमार को उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। अब उषा प्रियदर्शी चेयरपर्सन की जिम्मेदारी संभालेंगी। ओबीसी वर्ग से आने वाली ऊर्षा प्रियदर्शी बीजेपी हरियाणा महिला मोर्चा की अध्यक्ष रह चुकी हैं। वे लंबे वक्त से बीजेपी से जुड़ी हैं।

गुरुग्राम की रहने वाली उषा प्रियदर्शी ने भाजपा महिला मोर्चा के माध्यम से प्रदेशभर में महिलाओं के बीच संगठन को मजबूत करने का काम किया। लोकसभा और विधानसभा चुनावों के दौरान भी उन्होंने महिला मतदाताओं तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। पार्टी संगठन में उनकी सक्रियता और नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्हें महिला आयोग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हरियाणा राज्य महिला आयोग का दायित्व महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करना, महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की सुनवाई करना और सरकार को महिला हितों से संबंधित सुझाव देना होता है। ऐसे में उषा प्रियदर्शी की नियुक्ति को महिला सशक्तिकरण और महिला सुरक्षा के मुद्दों पर सरकार के नए फोकस के रूप में देखा जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि पूर्व चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दिया था, जिसके बाद सरकार ने तेजी से नए नेतृत्व की घोषणा की। उषा प्रियदर्शी अब राज्य में महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर आयोग का नेतृत्व करती नजर आएंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.