नई दिल्ली, 13 जून् 2026 । स्टैंड-अप कॉमेडियन प्रणित मोरे महिलाओं पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर भारी विवादों में घिर गए हैं। उनके एक कॉमेडी शो की वायरल क्लिप में दर्शकों द्वारा महिलाओं के बारे में की गई भद्दी और अपमानजनक टिप्पणियों पर मोरे के हंसने और उन्हें मंच पर जारी रहने देने को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना हुई। इसके बाद उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए अपनी गलती स्वीकार की है।
प्रणित ने कहा कि 370 की बिरयानी वाले वीडियो के बाद उनसे लोग काफी नफरत कर रहे थे। उन्होंने माना कि वे इसके हकदार हैं। उनके मुताबिक, शो के दौरान एक व्यक्ति ने कई आपत्तिजनक बातें कही थीं। लोग हंस रहे थे, जिससे वे भी माहौल में बह गए और सही फैसला नहीं ले पाए। बता दें कि आपत्तिजनक बातें ऑडियंस में बैठे हिमांशु जांगड़ा ने कही थीं।
विवाद की शुरुआत उस वायरल क्लिप से हुई जिसमें एक व्यक्ति ने डेट पर खर्च किए गए पैसों के बदले महिला से शारीरिक संबंध की उम्मीद जैसे आपत्तिजनक बयान दिए। इस दौरान प्रणित मोरे की प्रतिक्रिया को भी लोगों ने गैर-जिम्मेदाराना बताया। सोशल मीडिया पर विरोध बढ़ने के बाद उन्होंने संबंधित वीडियो को विभिन्न प्लेटफॉर्म से हटाने का फैसला किया और कहा कि यह उनकी सोच का प्रतिनिधित्व नहीं करता।
माफी मांगते हुए प्रणित मोरे ने कहा कि उनसे निर्णय लेने में चूक हुई है और वह इस घटना से सीख रहे हैं। हाल ही में जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने लोगों से उन्हें एक मौका देने की अपील की और बेहतर इंसान बनने का वादा किया।
मामले ने इतना तूल पकड़ लिया कि राष्ट्रीय महिला आयोग, कई राजनीतिक नेताओं और मनोरंजन जगत की हस्तियों ने भी इस पर नाराजगी जताई। महाराष्ट्र साइबर सेल ने कथित रूप से महिलाओं और सहमति (कंसेंट) से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट के प्रसारण को लेकर एफआईआर भी दर्ज की है।
इस पूरे विवाद ने एक बार फिर कॉमेडी की सीमाओं, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और महिलाओं के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर बहस छेड़ दी है। आलोचकों का कहना है कि हास्य के नाम पर किसी भी वर्ग या व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली टिप्पणियों को सामान्य नहीं बनाया जा सकता।