नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सफर होगा आसान, 14 जून से शुरू होंगी बस सेवाएं
ग्रेटर नोएडा, 10 जून् 2026 । दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। गौतमबुद्ध नगर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए कई राज्यों से बस सेवाएं चालू की जाएंगी। जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए विभिन्न राज्यों ने अपनी बस सेवा का रूट मैप तैयार कर दिया है। 14 और 15 जून से बसों का संचालन इन रूटों पर शुरू हो जाएगा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ( जेवर एयरपोर्ट ) के लिए शुरू होने वाली ई-बस सेवाओं का किराया यात्रियों के लिए बेहद सस्ता रखने की योजना है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के प्रमुख क्षेत्रों से एयरपोर्ट तक जाने वाली सार्वजनिक ई-बसों का किराया 10 रुपये से 50 रुपये के बीच होगा, जिसमें बॉटनिकल गार्डन से सीधे एयरपोर्ट तक जाने वाले यात्रियों के लिए किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है।
नोएडा प्राधिकरण की योजना के अनुसार, एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के लिए आधुनिक एसी इलेक्ट्रिक बसों और कुछ डबल-डेकर बसों को भी शामिल किया जाएगा। इन बसों का उद्देश्य एयरपोर्ट तक किफायती, सुविधाजनक और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।
बस सेवा का प्रमुख रूट बॉटनिकल गार्डन से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक होगा। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा, सेक्टर-62, सूरजपुर और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों को भी सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ने की योजना बनाई गई है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन शुरू होने से पहले यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इससे निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और एयरपोर्ट तक पहुंचने का खर्च भी काफी घटेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, एयरपोर्ट को शहर के प्रमुख ट्रांजिट हब से जोड़ने वाली बस सेवाएं क्षेत्र के आर्थिक विकास और यातायात प्रबंधन दोनों के लिए लाभदायक साबित होंगी। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।
फिलहाल 14 जून से शुरू होने वाली इस सेवा को लेकर यात्रियों में उत्साह देखा जा रहा है। एयरपोर्ट के व्यावसायिक संचालन से पहले सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।