अफगानिस्तान में पाकिस्तानी मिसाइल हमले से तनाव बढ़ा, 13 लोगों की मौत

0

काबुल/इस्लामाबाद, 10 जून्‌ 2026 । अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा तनाव एक बार फिर गंभीर रूप लेता नजर आ रहा है। अफगान अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई और मिसाइल हमलों में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग शामिल हैं। हमले में 14 अन्य लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। यह कार्रवाई अफगानिस्तान के खोस्त, कुनार और पक्तिका प्रांतों में की गई।

तालिबान के मुख्य प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के एयरस्पेस का उल्लंघन किया और कुनार, खोस्त तथा पक्तिका प्रांतों में आम लोगों के घरों पर बमबारी की। उन्होंने सोशल मीडिया पर घायलों की तस्वीरें भी साझा कीं और इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की।

वहीं पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि उसने खुफिया जानकारी के आधार पर आतंकियों के ठिकानों पर सटीक हमला किया।वहीं पाकिस्तान सरकार ने अलग दावा करते हुए कहा है कि उसकी सेना ने अफगान सीमा क्षेत्र में मौजूद आतंकवादी ठिकानों पर सटीक कार्रवाई की है, जिसमें 26 आतंकवादी मारे गए हैं। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के अनुसार, कार्रवाई में कई ठिकानों और प्रशिक्षण केंद्रों को भी नष्ट किया गया। पाकिस्तान ने दावा किया कि मारे गए आतंकवादी भारत समर्थित नेटवर्क से जुड़े थे, हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

पाकिस्तान का कहना है कि हाल ही में उसकी सुरक्षा चौकियों पर हुए हमलों के बाद यह जवाबी कार्रवाई की गई। इससे पहले खैबर पख्तूनख्वा क्षेत्र में हुए एक हमले में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के जवानों की मौत हुई थी, जिसके लिए इस्लामाबाद ने सीमा पार मौजूद आतंकवादी समूहों को जिम्मेदार ठहराया था। दूसरी ओर, अफगान तालिबान प्रशासन ने पाकिस्तानी कार्रवाई की कड़ी निंदा की है और आरोप लगाया है कि हमलों में नागरिक इलाकों को निशाना बनाया गया। काबुल का कहना है कि पाकिस्तान बार-बार अफगान संप्रभुता का उल्लंघन कर रहा है और इससे क्षेत्रीय शांति को खतरा पैदा हो रहा है।

विश्लेषकों का मानना है कि दोनों देशों के बीच पिछले कुछ महीनों से जारी सीमा संघर्ष अब और खतरनाक मोड़ ले सकता है। पाकिस्तान लगातार आरोप लगाता रहा है कि अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल उसके खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों के लिए किया जा रहा है, जबकि अफगानिस्तान इन आरोपों को खारिज करता रहा है। फिलहाल दोनों देशों के दावों में बड़ा अंतर है। जहां अफगानिस्तान नागरिकों के मारे जाने की बात कर रहा है, वहीं पाकिस्तान इसे आतंकवाद विरोधी अभियान बता रहा है। ऐसे में अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर इस पूरे घटनाक्रम और संभावित कूटनीतिक प्रतिक्रिया पर बनी हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.