नई दिल्ली, 23 मई 2026 । अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सेवा तीर्थ में मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की तरफ से पीएम मोदी को अमेरिका आने का न्योता दिया।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक दोनों नेताओं ने रक्षा, व्यापार, ऊर्जा, रणनीतिक तकनीक और इंडो-पैसिफिक सहयोग समेत कई मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में पश्चिम एशिया की स्थिति और ईरान संकट पर भी बातचीत हुई।
बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और अमेरिकी अंडर सेक्रेटरी एलिसन हूकर भी मौजूद थीं।
रूबियो की यह यात्रा अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के चीन दौरे के सिर्फ 7 दिन बाद हो रही है। ऐसे में अमेरिकी मीडिया का कहना है कि रुबियो की यह यात्रा सिर्फ कूटनीतिक नहीं बल्कि डैमेज कंट्रोल मिशन भी है।
विशेषज्ञों का मानना है कि भारत और अमेरिका के बीच रक्षा, व्यापार, टेक्नोलॉजी, ऊर्जा और इंडो-पैसिफिक रणनीति जैसे मुद्दों पर सहयोग लगातार बढ़ रहा है। ऐसे समय में ट्रम्प का यह न्योता आने वाले समय की राजनीतिक और कूटनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि इस संभावित दौरे को लेकर आधिकारिक कार्यक्रम या तारीख की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यदि यह मुलाकात होती है, तो दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी और मजबूत हो सकती है।
भारत-अमेरिका संबंध पिछले कुछ वर्षों में कई क्षेत्रों में मजबूत हुए हैं और दोनों देशों के शीर्ष नेताओं के बीच व्यक्तिगत तालमेल भी अंतरराष्ट्रीय राजनीति में अहम भूमिका निभाता रहा है।