हरियाणा , 23 मई 2026 । हरियाणा सरकार परिवार पहचान पत्र (PPP) व्यवस्था को और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। अब राज्य में आधार कार्ड की तर्ज पर PPP स्मार्ट कार्ड बनाए जाएंगे, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में बड़ी सुविधा मिलेगी।
बताया जा रहा है कि नागरिकों की पहचान से जुड़ा पूरा जरूरी डाटा मौजूद होगा। यह स्मार्ट कार्ड सरकारी योजनाओं और सेवाओं तक पहुंच का एकल माध्यम बनेगा। सरकार के अनुसार इन कार्डों में क्यूआर आधारित त्वरित प्रमाणीकरण की सुविधा होगी। यानी विभिन्न सरकारी विभागों में इसके माध्यम से नागरिकों का सत्यापन हो सकेगा। इससे कागजी दस्तावेजों और मैनुअल रिकॉर्ड खोजने की जरूरत काफी हद तक खत्म हो जाएगी। यह व्यवस्था धोखाधड़ी रोकने और पारदर्शिता बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाएगी।
सरकार का कहना है कि नए स्मार्ट कार्ड में परिवार और सदस्य से जुड़ी जरूरी जानकारी डिजिटल रूप में उपलब्ध होगी। इससे सरकारी विभागों में बार-बार दस्तावेज जमा कराने की जरूरत कम होगी और योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से सीधे पात्र लोगों तक पहुंच सकेगा।
अधिकारियों के अनुसार PPP स्मार्ट कार्ड को विभिन्न सरकारी सेवाओं से जोड़ा जाएगा। इसमें सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, राशन, पेंशन, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा और अन्य सरकारी लाभ शामिल हो सकते हैं। सरकार का दावा है कि इससे फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी और लाभार्थियों की पहचान प्रक्रिया तेज और आसान होगी।
राज्य सरकार पहले ही परिवार पहचान पत्र योजना के जरिए नागरिकों का डिजिटल डेटा तैयार कर चुकी है। अब स्मार्ट कार्ड लागू होने के बाद लोगों को एक ही कार्ड के माध्यम से कई सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। इससे सरकारी कामकाज में पारदर्शिता बढ़ने और प्रशासनिक प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल पहचान आधारित सेवाएं भविष्य की प्रशासनिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बन रही हैं। ऐसे में PPP स्मार्ट कार्ड योजना हरियाणा में ई-गवर्नेंस को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है।