हरियाणा में PGT भर्ती का बड़ा मौका, 1,672 पदों के लिए 17 मई को परीक्षा;
हरियाणा , 11 मई 2026 । हरियाणा में युवाओं के लिए बहुत जरूरी खबर आई है। हरियाणा में पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT) कंप्यूटर साइंस के 1,672 पदों पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। भर्ती परीक्षा अब 17 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। इस भर्ती को राज्य में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी अवसर के रूप में देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि HPSC द्वारा हरियाणा माध्यमिक शिक्षा विभाग में कंप्यूटर साइंस PGT के 1672 पदों (1594 रेस्ट ऑफ हरियाणा, 78 मेवात कैडर) पर भर्ती की परीक्षा आयोजित की जा रही है। 17 मई को आयोजित होने वाली परीक्षा सुबह 10 बजे से और दोपहर में एक बजे से आयोजित होगी। इसमें 100 अंक का स्क्रीनिंग टेस्ट 2 घंटे और 150 अंक का सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट 3 घंटे में होगा। अभ्यर्थियों को बताया गया है कि वह आयोग की अधिकृत वेबसाइट से प्रवेश पत्र आज से डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को निर्देश दिए कि वह प्रवेश पत्र A-4 साइज के पेपर पर निकाल लें, जिससे उनकी पहचान करने में आसानी मिलेगी। सबसे ज्यादा चर्चा इस भर्ती में मिलने वाली सैलरी को लेकर हो रही है। चयनित उम्मीदवारों को लेवल-8 पे स्केल के तहत लगभग ₹47,600 से ₹1,51,100 प्रति माह तक वेतन मिलेगा। इसके अलावा महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), मेडिकल और अन्य सरकारी सुविधाएं भी दी जाएंगी। विशेषज्ञों के मुताबिक यह हरियाणा की सबसे आकर्षक सरकारी शिक्षकीय भर्तियों में से एक मानी जा रही है।
भर्ती प्रक्रिया में स्क्रीनिंग टेस्ट, सब्जेक्ट नॉलेज टेस्ट और इंटरव्यू शामिल होंगे। उम्मीदवारों के लिए HTET/STET योग्यता भी अनिवार्य रखी गई है। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है और सोशल मीडिया पर भी यह भर्ती चर्चा का विषय बनी हुई है।
शिक्षा क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों की भर्ती से राज्य के सरकारी स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा को मजबूती मिलेगी। साथ ही युवाओं को स्थायी सरकारी नौकरी का बड़ा अवसर भी मिलेगा। अब सभी अभ्यर्थियों की नजर 17 मई को होने वाली परीक्षा पर टिकी हुई है।