जेफ्री एपस्टीन की नई परत: सऊदी क्राउन प्रिंस के सलाहकार बनने की चाह

0

वॉशिंगटन, 30 अप्रैल 2026 । अमेरिकी फाइनेंसर और विवादित शख्सियत जेफ्री एपस्टीन को लेकर एक नया खुलासा सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह मोहम्मद बिन सलमान के सलाहकार के रूप में भूमिका पाने की कोशिश कर रहा था।

उसने मिडिल ईस्ट (पश्चिम एशिया) में कई साल तक अपने संबंध बनाए। वह एक तरफ बिजनेस के मौके ढूंढ रहा था, और दूसरी तरफ इस्लाम से जुड़ी दुर्लभ और धार्मिक चीजें भी इकट्ठा कर रहा था।

उसने इन चीजों को अपने कैरेबियन द्वीप पर बनी एक विवादित इमारत को सजाने में इस्तेमाल किया, जिसे वह ‘मस्जिद’ कहता था। उसने मक्का की काबा से किस्वा मंगवाई। किस्वा वह कपड़ा होता है जिस पर सोने से कुरान की आयतें कढ़ी होती हैं और इसे काबा पर चढ़ाया जाता है।

इसके अलावा उज्बेकिस्तान की एक मस्जिद से हाथ से बनी टाइल्स लाई गईं। सोने का गुंबद भी बनाया गया, जिसकी डिजाइन पुराने सीरिया की इमारतों जैसी थी।

नार्वे राजदूत के जरिए खास लोगों से संपर्क बनाया

एपस्टीन का मकसद सिर्फ इस्लामी चीजें जुटाना नहीं था, बल्कि ताकतवर और अमीर लोगों से अपने रिश्ते भी मजबूत करना था। नॉर्वे के राजनयिक टेरजे रोड-लार्सन के जरिए एपस्टीन को सऊदी अरब के खास लोगों तक पहुंच मिली। इनमें क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, सलाहकार राफत अल सब्बाग और शाही सहयोगी अजीजा अल अहमदी शामिल थे।

बताया जा रहा है कि एपस्टीन ने अपने प्रभाव और नेटवर्क का इस्तेमाल करते हुए मध्य-पूर्व के प्रभावशाली नेतृत्व तक पहुंच बनाने की कोशिश की। उसका उद्देश्य खुद को एक रणनीतिक सलाहकार के तौर पर स्थापित करना था, खासकर आर्थिक और निवेश से जुड़े मामलों में।

हालांकि, इस दावे को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि एपस्टीन अपने संपर्कों और संसाधनों के जरिए वैश्विक स्तर पर प्रभाव बढ़ाने की कोशिश करता रहा था, और यह उसी रणनीति का हिस्सा हो सकता है।

जेफ्री एपस्टीन पहले से ही कई गंभीर मामलों को लेकर चर्चा में रहा है, और उससे जुड़े नए खुलासे समय-समय पर सामने आते रहते हैं। यह ताजा दावा भी उसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंच बनाने की कोशिशों को दर्शाता है।

वहीं, इस मामले को लेकर मोहम्मद बिन सलमान या सऊदी अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.