गयाजी सेंट्रल जेल में आधी रात छापा—रात 2 बजे रेड से मचा हड़कंप
गयाजी, 17 अप्रैल 2026 । बिहार में नई सरकार बनते ही गयाजी पुलिस एक्शन मोड में हैं। गया स्थित सेंट्रल जेल में देर रात करीब 2 बजे अचानक छापेमारी की गई, जिससे जेल परिसर में हड़कंप मच गया। प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की।
शुक्रवार आधी रात करीब 2 बजे के बाद सेंट्रल जेल में छापेमारी हुई है। एसडीएम अनिल कुमार रमन के नेतृत्व में पुलिस टीम जेल पहुंची। एक साथ सभी वार्ड को घेरा गया। हर कोने की तलाशी ली गई।
सेंट्रल जेल में कुल 28 वार्ड है। खास बात यह रही कि सभी वार्ड की जांच एक ही समय पर शुरू की गई। किसी को भनक तक नहीं लगी। टीम ने कैदियों के बैरक, सामान और आसपास की हर चीज को खंगाला। लंबी जांच के बाद भी कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ, लेकिन अचानक हुई इस कार्रवाई से जेल के अंदर देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूत्रों के मुताबिक, जेल के भीतर अवैध गतिविधियों और प्रतिबंधित सामान की मौजूदगी की आशंका के चलते यह रेड की गई। तलाशी अभियान के दौरान बैरकों, कैदियों के सामान और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन जांच की गई।
इस दौरान कई संदिग्ध वस्तुएं बरामद होने की खबर है, जिनमें मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य प्रतिबंधित सामग्री शामिल हो सकती है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।
बिहार पुलिस और जेल प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य जेल के भीतर कानून-व्यवस्था को सख्त करना और किसी भी गैरकानूनी गतिविधि पर रोक लगाना है।
अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की अचानक छापेमारी आगे भी जारी रहेगी, ताकि जेल के अंदर अनुशासन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा जा सके।
इसके अलावा शेरघाटी उपकारागार में भी छापेमारी की गई। एसडीएम के नेतृत्व में टीम ने सघन तलाशी अभियान चलाया। हर बैरक और वार्ड को बारीकी से चेक किया गया। लेकिन यहां भी कोई संदिग्ध सामान हाथ नहीं लगा। भले ही इस रेड में कुछ बरामद नहीं हुआ, लेकिन अचानक बदले समय पर हुई इस छापेमारी ने कैदियों के साथ-साथ जेल कर्मियों को भी सतर्क कर दिया है।