नोएडा में सख्ती—विपक्ष की ‘नो एंट्री’, सपा नेताओं को हाउस अरेस्ट; DND पर माकपा का धरना

0

नोएडा , 17 अप्रैल 2026 । नोएडा में शुक्रवार को राजनीतिक हलचल तेज रही, जहां प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए कई विपक्षी नेताओं को बाहर निकलने से रोक दिया। समाजवादी पार्टी (सपा) के कई नेताओं को एहतियातन हाउस अरेस्ट किया गया, ताकि प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को रोका जा सके।

मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को नोएडा सेक्टर 8 क्षेत्र पहुंचने के लिए माकपा नेता एम ए बेबी दिल्ली के चिल्ला क्षेत्र में पहुंचे ही थे कि नोएडा पुलिस ने उन्हें वहीं रोक लिया। इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सांसद बेबी भी शामिल थे। हालांकि, पुलिस और प्रशासन के समझाने-बुझाने के बाद माकपा नेताओं ने धरना समाप्त किया, जिसके बाद उन्हें जिला अधिकारी (डीएम) से मुलाकात के लिए ले जाया गया। बताया जा रहा है कि सपा का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदर्शनकारी मजदूरों से मिलने नोएडा आने वाला था। इससे पहले ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए माता प्रसाद पांडे, सुधीर भाटी, आशा गुप्ता, शाहिद मंजूर, कमाल अख्तर, अतुल प्रधान, पंकज मलिक, शशांक यादव, फकीर चंद्र नागर, राजकुमार भाटी, वीर सिंह यादव और सुनील चौधरी समेत कई नेताओं को उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया।

इसी बीच मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ताओं ने DND फ्लाईवे पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे इलाके में यातायात प्रभावित हुआ और पुलिस-प्रशासन की चुनौती बढ़ गई।

स्थिति को देखते हुए पूरे शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है और चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।

प्रशासन का कहना है कि यह कदम शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए उठाए गए हैं, जबकि विपक्ष ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है। सपा नेताओं का आरोप है कि सरकार विरोध की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है।

फिलहाल, नोएडा में हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और आने वाले समय में इस मुद्दे पर सियासी टकराव और बढ़ सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.