प्रॉपर्टी रजिस्ट्री के नए नियम: अब पहले करानी होगी KYC, तभी होगी रजिस्ट्री

0

अमृतसर ,  08 अप्रैल 2026 । प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने वालों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। सरकार ने रजिस्ट्री प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए KYC (Know Your Customer) अनिवार्य कर दी है। अब बिना KYC पूरा किए किसी भी संपत्ति की रजिस्ट्री नहीं हो सकेगी।

अधिकारियों ने कहा कि ईजी रजिस्ट्री के तहत माल विभाग की तरफ से ‘के.वाई.सी.’ को जल्द ही सबके लिए जरुरी कर दिया जाएगा, लेकिन फिर सभी वसीका नवीसों और रैवेन्यू से संबंधित वकीलों को दस्तावेजों की ‘के.वाई.सी.’ जरुर करवानी चाहिए, ताकि बार-बार सामने आने वाली जाली रजिस्ट्रियों पर लगाम लगाई जा सके। दूसरी तरफ वसीका नवीस यूनियन की तरफ से जिला प्रधान नरेश शर्मा ने भी आश्वासन दिया है कि यूनियन के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों की तरफ से ‘के.वाई.सी.’ को पहल के आधार पर किया जा रहा है, क्योंकि जब भी कोई जाली रजिस्ट्री का मामला पकड़ा जाता है तो इससे इमानदारी के साथ काम करने वाले वसीका नवीसों की भी बदनामी होती है।

इस नई व्यवस्था के तहत अब रजिस्ट्री कार्यालय में जाने से पहले संबंधित पक्षों को अपनी पहचान से जुड़े दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर और फोटो का सत्यापन कराना होगा। KYC प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। इससे न केवल फर्जीवाड़े में कमी आएगी बल्कि जमीन से जुड़े विवादों में भी गिरावट देखने को मिलेगी।

सरकार का मानना है कि इस नियम से बेनामी संपत्ति, धोखाधड़ी और डुप्लीकेट रजिस्ट्री जैसी समस्याओं पर रोक लगेगी। साथ ही डिजिटल रिकॉर्ड सिस्टम को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी, जिससे भविष्य में किसी भी प्रॉपर्टी का रिकॉर्ड आसानी से ट्रैक किया जा सकेगा।

रियल एस्टेट सेक्टर के जानकारों का कहना है कि यह कदम निवेशकों और आम लोगों के लिए सुरक्षा कवच का काम करेगा। हालांकि शुरुआती दौर में लोगों को थोड़ी असुविधा हो सकती है, लेकिन लंबे समय में यह व्यवस्था काफी लाभदायक साबित होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.