लोकसभा में संविधान पर चर्चा का आज दूसरा दिन

0

नई दिल्ली,14 दिसंबर। लोकसभा में संविधान पर चर्चा का शनिवार को दूसरा दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चर्चा का जवाब देंगे। पहले दिन चर्चा की शुरुआत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। उन्होंने 1 घंटे 10 मिनट तक अपनी बात रखी। उनके बाद विपक्ष की ओर से प्रियंका गांधी ने 31 मिनट में उनके हर एक बयान का जवाब दिया।

प्रियंका ने कहा- रक्षा मंत्री संविधान निर्माताओं में नेहरू जी का नाम नहीं लेते। जहां जरूरत होती है, वहां जरूर लेते हैं। पहले क्या हुआ, उसे अब बताने का क्या मतलब है। अभी सरकार आपकी है, आपने क्या किया, जनता को ये बताइए। उन्होंने कहा कि आज के राजा भेष बदलते पर जनता के बीच नहीं जाते हैं।

प्रियंका की यह लोकसभा में बतौर सांसद पहली स्पीच थी। इनके अलावा अखिलेश यादव (सपा), महुआ मोइत्रा (TMC), टीआर बालू (DMK), शिवसेना (UBT) सांसद अरविंद सावंत समेत अन्य सांसदों ने विपक्ष की ओर से चर्चा में भाग लिया।

वहीं, NDA की ओर से जगदंबिका पाल (भाजपा), अभिजीत गंगोपाध्याय (भाजपा), राजीव रंजन सिंह (JDU), शांभवी चौधरी (LJP-R) समेत कई अन्य सांसदों ने अपने विचार रखे। चर्चा दोपहर 12 बजे शुरू हुई और रात 8 बजे तक चली।

उधर 16 दिसंबर को लोकसभा में कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल वन नेशन-वन इलेक्शन से जुड़ा बिल पेश करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.