सलीम खान बोले-सलमान ने काले हिरण का शिकार नहीं किया
नई दिल्ली,19 अक्टूबर। राइटर, एक्टर और फिल्म प्रोड्यूसर सलीम खान ने कहा कि उनके बेटे सलमान ने कभी काले हिरण का शिकार नहीं किया। उनकी माफी की कोई वजह ही नहीं है। लगातार धमकियां मिलती रहीं, इससे हमारी आजादी छिन गई।
लॉरेंस गैंग से मिल रही धमकियों के बाद सलीम खान ने शनिवार को ABP न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में यह बात की। NCP अजित गुट के नेता बाबा सिद्दीकी की मुंबई में 12 अक्टूबर को हत्या कर दी गई थी। इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली है। सोशल मीडिया पोस्ट में गैंग के मेंबर ने लिखा था- सलमान खान की मदद करने करने वालों को छोड़ेंगे नहीं।
इसके बाद सलमान खान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लॉरेंस गैंग चाहता है कि काला हिरण शिकार मामले में सलमान खान राजस्थान के बिश्नोई समाज से माफी मांग लें। काला हिरण शिकार केस अक्टूबर 1998 में राजस्थान के जोधपुर में हुआ था। तब वहां फिल्म “हम साथ-साथ हैं” की शूटिंग चल रही थी।
धमकियां जबरन वसूली के लिए सलीम खान ने कहा, “सलमान को मिल रही ये धमकियां जबरन वसूली के अलावा कुछ और नहीं हैं। सलमान किससे माफी मांगे? आपने कितने लोगों से माफी मांगी है? कितने जानवरों की आपने जान बचाई है? माफी भी उससे मांगी जाती है, जिसके साथ आपने गुनाह किया हो, जिसके पैसे खा गए हो। ये तो एक्सटॉर्शन है।”
वो जानवरों से प्यार करता है उन्होंने कहा, “सलमान ने क्या कोई गुनाह किया है? आपने देखा है? आपको मालूम है? आपने जांच-पड़ताल की है? हमने तो कभी बंदूक भी इस्तेमाल नहीं की। सलमान ने कहा मैं तो था भी नहीं उस टाइम, उसको नहीं शौक जानवर मारने का…वह जानवरों से मोहब्बत करता है।’
सिद्दीकी की हत्या का सलमान से कनेक्शन नहीं सलीम खान ने कहा, “पुलिस हमारी सुरक्षा के लिए सब कर रही है। हमें उनकी बात माननी पड़ रही है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते हमारी आजादी थोड़ी सी कम हो गई है। बाबा सिद्दीकी की हत्या का सलमान से कोई कनेक्शन नहीं। बाबा सिद्दीकी की हत्या प्रॉपर्टी विवाद के चलते हुई है।”